वाराणसी: आईआईटी-बीएचयू में आयोजित वार्षिक तकनीकी उत्सव ‘टेक्नेक्स-26’ के दूसरे दिन आधुनिक तकनीक और रक्षा उपकरणों का शानदार प्रदर्शन देखने को मिला। कार्यक्रम में रोबोट, ड्रोन और सेना के अत्याधुनिक हथियारों ने छात्रों और दर्शकों को खूब आकर्षित किया। मंच पर ह्यूमनॉइड रोबोट के डांस से लेकर ‘सुल्तान’ रोबो डॉग की दौड़ तक ने लोगों को हैरान कर दिया।


स्वतंत्रता भवन में आयोजित कार्यक्रम के दौरान चीन के यूनिट्री G1 ह्यूमनॉइड रोबोट ने स्टेज पर डांस कर अपनी क्षमताओं का प्रदर्शन किया। वहीं ‘मेक इन इंडिया’ पहल के तहत तैयार मल्टी-यूटिलिटी लेग्ड इक्विपमेंट (MULE) रोबोट, जिसे ‘सुल्तान’ नाम दिया गया है, ने अपनी तेज रफ्तार और संतुलन का प्रदर्शन किया। यह रोबोट चार पैरों पर जानवर की तरह चल सकता है और कठिन इलाकों में सेना की मदद के लिए तैयार किया गया है।

हथेली से भी छोटा ड्रोन बना आकर्षण
प्रदर्शनी में सेना ने माइक्रो ड्रोन ‘ब्लैक हॉरनेट’ का भी प्रदर्शन किया। महज 33 ग्राम वजन वाला यह ड्रोन हथेली से भी छोटा है और करीब 2 किलोमीटर तक उड़ान भर सकता है। दो कैमरों से लैस यह ड्रोन बिना आवाज किए दुश्मन के ठिकानों की जानकारी सेना तक पहुंचाने में सक्षम है। इसकी कीमत लगभग 1.5 करोड़ रुपये बताई गई, जिसे सुनकर कई लोग हैरान रह गए।

आधुनिक हथियारों की भी प्रदर्शनी
डिफेंस सिंपोजियम 2.0 के तहत भारतीय सेना और गढ़वाल राइफल्स के जवानों ने कई आधुनिक हथियारों और तकनीकों की प्रदर्शनी लगाई। इसमें AK-203 असॉल्ट राइफल, स्नाइपर गन, एलएमजी, फुली ऑटोमैटिक ग्रेनेड लॉन्चर, सर्विलांस ड्रोन, नैनो ड्रोन और अनमैन्ड ग्राउंड व्हीकल शामिल रहे। छात्रों को इन उपकरणों को करीब से देखने और कुछ को हाथ में लेकर अनुभव करने का मौका भी मिला।

पहाड़ों में ड्यूटी की चुनौतियां भी बताईं
कार्यक्रम में ब्रिगेडियर बी.एम. कारियाप्पा ने सैनिकों के पहाड़ी इलाकों में काम करने की चुनौतियों पर प्रकाश डाला और कारगिल युद्ध के वीर सैनिकों के अनुभव साझा किए। इस दौरान छात्रों ने हाल के अंतरराष्ट्रीय संघर्षों में ड्रोन तकनीक के उपयोग और भारत की स्थिति को लेकर भी सवाल पूछे।

1500 से अधिक छात्र पहुंचे
आईआईटी-बीएचयू के इस वार्षिक तकनीकी उत्सव के 87वें संस्करण में देशभर से करीब 1500 छात्र-छात्राएं भाग लेने पहुंचे हैं। इस वर्ष टेक्नेक्स की थीम “Fragments of Infinity” रखी गई है। तीन दिनों तक चलने वाले इस आयोजन में तकनीकी प्रस्तुतियां, ऑटो एक्सपो और डिफेंस प्रदर्शनी जैसे कार्यक्रम आयोजित किए जा रहे हैं।
