• Banaras Now, Varanasi
  • March 19, 2026

वाराणसी में एक चौंकाने वाला मामला सामने आया है, जहां मुंबई की रहने वाली एक युवती पिछले चार दिनों से कैंट रेलवे स्टेशन पर रहने को मजबूर है। युवती ने वाराणसी के एक युवक पर शादी का झांसा देकर शारीरिक संबंध बनाने और बाद में छोड़ देने का आरोप लगाया है।

पीड़िता ने चोलापुर थाने में तहरीर देकर बताया कि उसकी मुलाकात फेसबुक के जरिए वाराणसी निवासी कमलेश पटेल से हुई थी। दोनों के बीच नजदीकियां बढ़ीं और युवक ने शादी का वादा किया। इसके बाद युवती उसके साथ मुंबई में रहने लगी।

दो साल तक साथ रहने का आरोप

युवती का कहना है कि वह करीब दो साल तक आरोपी के साथ मुंबई में रही और इस दौरान उनके बीच पति-पत्नी जैसे संबंध थे। आरोप है कि इस दौरान युवक ने उसे तीन बार गर्भपात के लिए मजबूर किया।

वाराणसी आने के बाद बदला व्यवहार

पीड़िता के मुताबिक, कुछ समय पहले युवक वाराणसी लौट आया और उससे संपर्क तोड़ लिया। इसके बाद वह उसे ढूंढते हुए वाराणसी पहुंची और चोलापुर थाना क्षेत्र के भुसौला गांव में उसके घर गई।

युवती का आरोप है कि पहले तो युवक के परिजनों ने उसे अपनाने का आश्वासन दिया, लेकिन बाद में उसे धमकाया गया और घर से भगा दिया गया।

चार दिन से स्टेशन पर रह रही पीड़िता

पीड़िता ने बताया कि वह चार दिन पहले फिर से वाराणसी आई, लेकिन युवक के परिजनों ने उसे घर में रखने से इनकार कर दिया। इसके बाद से वह कैंट रेलवे स्टेशन पर ही रह रही है।

सोशल एक्टिविस्ट के हस्तक्षेप के बाद हरकत में आई पुलिस

मामला तब सामने आया जब सामाजिक कार्यकर्ता सीमा चौधरी को इसकी जानकारी मिली। उन्होंने स्टेशन पहुंचकर युवती से मुलाकात की और अधिकारियों को सूचना दी, जिसके बाद पुलिस हरकत में आई।

हालांकि, पुलिस ने घटना का स्थान मुंबई बताते हुए युवती को वहीं जाकर FIR दर्ज कराने की सलाह दी है। फिलहाल युवती मुंबई लौटने की तैयारी में है।

यह मामला सामने आने के बाद एक बार फिर महिलाओं की सुरक्षा और ऑनलाइन संबंधों में सावधानी को लेकर सवाल खड़े हो गए हैं।

Author

thefrontfaceindia@gmail.com

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *