वाराणसी। लालपुर-पांडेयपुर थाना क्षेत्र की परमहंस कॉलोनी में रविवार शाम एक महिला की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत से इलाके में सनसनी फैल गई। मृतका की पहचान अन्नू विश्वकर्मा के रूप में हुई है, जो एक 5 वर्षीय बच्चे की मां थी और किराए के मकान में रह रही थी।
बताया जा रहा है कि घटना शाम करीब 5 बजे के आसपास की है। प्रारंभिक जानकारी के अनुसार महिला ने फांसी लगाकर जान दे दी। घटना की सूचना मिलते ही पांडेयपुर चौकी पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी।
परिजनों को भी सूचना दे दी गई है और लड़की पक्ष के लोग मौके पर पहुंच रहे हैं। स्थानीय लोगों के मुताबिक, महिला अपने बच्चे के साथ किराए पर रह रही थी, जबकि उसका पति एक दवा कंपनी में कार्यरत है।
पुलिस का कहना है कि प्रथम दृष्टया मामला आत्महत्या का प्रतीत हो रहा है, लेकिन सभी पहलुओं को ध्यान में रखते हुए जांच की जा रही है। फिलहाल घटना के कारणों का स्पष्ट पता नहीं चल सका है।
पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। अधिकारियों का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के वास्तविक कारणों की पुष्टि हो सकेगी। मामले में आगे की कार्रवाई जारी है।
