• Banaras Now, Varanasi
  • April 18, 2026

चंदौली में कानून व्यवस्था को लेकर कड़ा रुख अपनाते हुए नवागत पुलिस अधीक्षक आकाश पटेल ने पदभार संभालते ही बड़ी कार्रवाई की है। मुगलसराय कोतवाली क्षेत्र की दुल्हीपुर चौकी पर तैनात हेड कांस्टेबल संतोष यादव को तत्काल प्रभाव से सस्पेंड कर दिया गया है।

संतोष यादव पर जुआ संचालन और तस्करी जैसी गतिविधियों में संलिप्तता के गंभीर आरोप लगे हैं। साथ ही हाईवे पेट्रोलिंग के दौरान पशु तस्करी के मामलों में लापरवाही बरतने की शिकायतें भी सामने आई थीं, जिसके आधार पर यह कार्रवाई की गई।

6 पुलिसकर्मियों पर विभागीय जांच शुरू

एसपी के निर्देश पर इस मामले में सख्ती दिखाते हुए हेड कांस्टेबल के अलावा ट्रैफिक सब इंस्पेक्टर उमाशंकर यादव, मनोज कुमार सिंह सहित कुल 6 पुलिसकर्मियों के खिलाफ विभागीय जांच के आदेश दिए गए हैं।

लगातार मिल रही थीं शिकायतें

अपर पुलिस अधीक्षक अनंत चंद्रशेखर ने बताया कि विभाग को काफी समय से जुआ और तस्करी से जुड़े मामलों में लापरवाही की शिकायतें मिल रही थीं। इन्हीं शिकायतों की जांच के बाद कार्रवाई की गई है।

एसपी का सख्त संदेश

एसपी आकाश पटेल ने साफ कर दिया है कि जिले में कानून व्यवस्था से किसी भी तरह का समझौता नहीं किया जाएगा। अनियमितता या अवैध गतिविधियों में शामिल पाए जाने पर सख्त कदम उठाए जाएंगे।

पुलिस विभाग में हलचल तेज

नई तैनाती के तुरंत बाद हुई इस कार्रवाई से चंदौली पुलिस महकमे में हड़कंप मच गया है। इसे एसपी की ‘जीरो टॉलरेंस’ नीति का स्पष्ट संकेत माना जा रहा है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *