वाराणसी। चोलापुर थाना क्षेत्र के भटौली गांव निवासी अजय कुमार अपनी पत्नी के मायके चले जाने से नाराज होकर पलहीपट्टी चौराहे पर स्थित मोबाइल टावर पर चढ़ गया। इस घटना से मौके पर अफरा-तफरी का माहौल बन गया। सूचना मिलते ही पुलिस, फायर ब्रिगेड और एनडीआरएफ की टीम मौके पर पहुंची और काफी समझाने के बाद युवक को सुरक्षित नीचे उतारा गया। इसके बाद लोगों ने राहत की सांस ली।
स्थानीय लोगों के अनुसार, अजय को पैसों की जरूरत थी और वह जमीन बेचकर पैसे जुटाना चाहता था। लेकिन उसकी पत्नी राधा मौर्या, जो पेशे से नर्स है, और अन्य परिजन जमीन बेचने के विरोध में थे। इसी बात से नाराज होकर पत्नी मायके चली गई थी। पत्नी के जाने के बाद युवक ने यह कदम उठाया, जिससे क्षेत्र में हड़कंप मच गया।
घटना की सूचना पर बड़ी संख्या में लोग मौके पर इकट्ठा हो गए। पुलिस ने काफी मशक्कत के बाद युवक को नीचे उतारा और बाद में उसे परिजनों के सुपुर्द कर दिया। अजय प्रिंटिंग प्रेस में काम करता है।
