• Banaras Now, Varanasi
  • April 18, 2026

अररिया: बिहार के अररिया जिले के फारबिसगंज इलाके में एक मामूली विवाद ने देखते ही देखते भयावह रूप ले लिया। ठेला लगाने और वाहन खड़ा करने को लेकर शुरू हुई कहासुनी इतनी बढ़ गई कि कुछ ही मिनटों में दो लोगों की जान चली गई। इस दोहरी हत्या की घटना के बाद पूरे इलाके में दहशत और तनाव का माहौल है।

मामूली बहस ने लिया हिंसक रूप

जानकारी के अनुसार, कृषि उत्पादन बाजार समिति के गेट के पास एक ठेला दुकानदार और पिकअप चालक के बीच पहले हल्की बहस हुई, जो धीरे-धीरे हिंसक झड़प में बदल गई। आरोप है कि गुस्से में आकर ठेला दुकानदार ने धारदार हथियार से चालक पर हमला कर दिया, जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई। इसके बाद आरोपी ने धारदार हथियार से रेतकर सिर धड़ से अलग कर सड़क पर फेंक दिया। घटना के बाद इलाके में अफरा-तफरी मच गई और लोग दहशत में आ गए।

भीड़ ने आरोपी को पुलिस से छीना

प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, वारदात के बाद आरोपी कुछ समय तक मौके पर ही रहा और लोगों में डर का माहौल बना रहा। इसी बीच सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और आरोपी को पकड़ लिया। लेकिन हालात तब और बिगड़ गए जब गुस्साई भीड़ ने पुलिस हिरासत से आरोपी को छीन लिया। भीड़ ने आरोपी की बेरहमी से पिटाई शुरू कर दी, जिससे उसकी भी मौके पर ही मौत हो गई। इस तरह एक हत्या का मामला कुछ ही देर में डबल मर्डर में बदल गया। पुलिस के सामने हुई इस घटना ने कानून-व्यवस्था पर भी सवाल खड़े कर दिए हैं।

जांच में जुटी पुलिस, कई लोगों की तलाश

घटना के बाद मौके पर भारी पुलिस बल तैनात किया गया है। वरिष्ठ अधिकारी हालात को काबू में करने और लोगों को शांत कराने में जुटे रहे। दोनों शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि मामले की गहन जांच की जा रही है। साथ ही भीड़ में शामिल उन लोगों की पहचान की जा रही है, जिन्होंने आरोपी की हत्या की। सभी दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई करने की बात कही गई है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *