• Banaras Now, Varanasi
  • July 15, 2026

वाराणसी: चोलापुर थाना क्षेत्र में डॉ. भीमराव अंबेडकर के पोस्टर और झंडे को लेकर दो पक्षों के बीच विवाद हिंसक रूप ले बैठा। नेहिया गांव में शुरू हुआ यह विवाद देखते ही देखते उग्र हो गया, जिसके बाद ग्रामीणों और पुलिस के बीच तीखी झड़प हो गई।

बताया जा रहा है कि बाबतपुर-चौबेपुर मार्ग पर चक्का जाम और हंगामे की सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस टीम ने प्रदर्शनकारियों को समझाने का प्रयास किया, लेकिन आक्रोशित युवकों ने पुलिसकर्मियों के साथ धक्का-मुक्की शुरू कर दी। हालात बिगड़ते देख पुलिस ने हल्का बल प्रयोग किया, जिसके बाद भीड़ ने पथराव शुरू कर दिया।

इस दौरान पथराव में सारनाथ के एसीपी विदुष सक्सेना गंभीर रूप से घायल हो गए और उनके सिर में चोट आई। वहीं चोलापुर थाने के दो दरोगा भी घायल हो गए। घटना शुक्रवार की बताई जा रही है। स्थिति बिगड़ने की सूचना पर डीसीपी वरुणा जोन प्रमोद कुमार, एडीसीपी और अन्य वरिष्ठ अधिकारी भारी पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। हालात को नियंत्रित करने के लिए कई थानों की फोर्स और पीएसी को भी तैनात किया गया है।

पुलिस अधिकारियों के अनुसार, गांव में 14 अप्रैल को अंबेडकर जयंती के आयोजन की तैयारी चल रही थी। इसी दौरान एक पक्ष द्वारा झंडा लगाने को लेकर दूसरे पक्ष ने आपत्ति जताई, जिससे विवाद बढ़ गया और दोनों पक्ष आमने-सामने आ गए।

डीसीपी प्रमोद कुमार ने बताया कि स्थिति अब नियंत्रण में है और उपद्रवियों के खिलाफ कार्रवाई की जा रही है। घायलों को इलाज के लिए अस्पताल भेजा गया है। फिलहाल इलाके में तनाव बना हुआ है, लेकिन प्रशासन स्थिति पर नजर बनाए हुए है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *