वाराणसी: बढ़ती गर्मी और तेज तापमान को देखते हुए पांडेपुर स्थित पंडित दीनदयाल उपाध्याय जिला अस्पताल प्रशासन ने मरीजों की सुविधा के लिए नई व्यवस्था लागू की है। अब अस्पताल में ओपीडी के बाहर ही अलग से ओआरएस काउंटर शुरू कर दिया गया है, जिससे मरीजों को बड़ी राहत मिलेगी। नई व्यवस्था के तहत मरीजों को अब दवा काउंटर पर लगने वाली लंबी कतारों में खड़ा नहीं होना पड़ेगा। वे अपनी ओपीडी पर्ची दिखाकर सीधे इस विशेष काउंटर से ओआरएस के पैकेट प्राप्त कर सकेंगे।
अस्पताल के सीएमएस डॉ. आर. एस. राम ने बताया कि गर्मी के मौसम में डिहाइड्रेशन और लू के मामलों में बढ़ोतरी को देखते हुए यह कदम उठाया गया है। ओपीडी कक्ष के बाहर काउंटर खोलने का मकसद मरीजों को तुरंत राहत देना है।
उन्होंने बताया कि पहले ओआरएस लेने के लिए मरीजों को मुख्य दवा वितरण केंद्र तक जाना पड़ता था, जिससे उन्हें परेशानी होती थी। अब ओपीडी के पास ही यह सुविधा मिलने से मरीजों का समय बचेगा और उन्हें इधर-उधर भटकना नहीं पड़ेगा। इसके साथ ही अस्पताल प्रशासन गर्मी को ध्यान में रखते हुए जल्द ही कोल्ड रूम की व्यवस्था भी शुरू करने की तैयारी में है, ताकि मरीजों को और बेहतर सुविधाएं मिल सकें।
