नई दिल्ली: प्रधानमंत्री मोदी आज रात 8:30 बजे राष्ट्र को संबोधित करेंगे। संबोधन का विषय फिलहाल आधिकारिक रूप से घोषित नहीं किया गया है, लेकिन कयास लगाए जा रहे हैं कि वह महिला आरक्षण से जुड़े संविधान संशोधन बिल पर अपनी बात रख सकते हैं, जो हाल ही में लोकसभा में पारित नहीं हो सका।
यह संबोधन देशभर में लाइव प्रसारित किया जाएगा। गौरतलब है कि हाल ही में संसद में महिलाओं को 33% आरक्षण देने और लोकसभा सीटों की संख्या बढ़ाने से जुड़े संविधान संशोधन बिल पर लंबी चर्चा के बाद मतदान हुआ, लेकिन सरकार आवश्यक दो-तिहाई बहुमत हासिल नहीं कर सकी।
लोकसभा में कुल 528 सांसदों ने मतदान किया, जिसमें 298 वोट पक्ष में और 230 विपक्ष में पड़े। हालांकि बिल पास होने के लिए 352 वोट जरूरी थे, जिसके चलते यह प्रस्ताव गिर गया।
मोदी सरकार के कार्यकाल में पहली बड़ी संसदीय चुनौती
पिछले 12 वर्षों में यह पहला मौका है जब केंद्र सरकार लोकसभा में कोई अहम बिल पारित कराने में असफल रही है। इसके चलते महिला आरक्षण का लाभ अब आगामी जनगणना और परिसीमन प्रक्रिया के बाद ही लागू हो सकेगा, जिससे 2029 के आम चुनाव में इसका असर नहीं दिखेगा।
परिसीमन और आरक्षण का सीधा संबंध
सरकार द्वारा पेश किए गए प्रस्तावों में संविधान (131वां संशोधन) बिल, परिसीमन संशोधन बिल 2026 और केंद्र शासित प्रदेश कानून संशोधन बिल शामिल थे। महिला आरक्षण लागू करने के लिए पहले परिसीमन आवश्यक है, जिसके तहत जनसंख्या के आधार पर सीटों की संख्या और सीमाएं तय की जाती हैं।
PM मोदी के राष्ट्र के नाम संबोधन: अब तक के बड़े फैसले
प्रधानमंत्री मोदी के राष्ट्र के नाम संबोधन अक्सर बड़े और ऐतिहासिक फैसलों के लिए जाने जाते हैं। पिछले वर्षों में उनके संबोधनों में कई महत्वपूर्ण निर्णय लिए गए हैं:
- 8 नवंबर 2016: देश में नोटबंदी लागू करने की घोषणा
- 8 अगस्त 2019: जम्मू-कश्मीर से अनुच्छेद 370 हटाने के बाद राष्ट्र को संबोधित
- 19 मार्च 2020: कोरोना महामारी के दौरान जनता कर्फ्यू की अपील
- 24 मार्च 2020: पूरे देश में 21 दिन के लॉकडाउन की घोषणा
- 14 अप्रैल 2020: लॉकडाउन को आगे बढ़ाने का ऐलान
- 12 मई 2020: ‘आत्मनिर्भर भारत’ अभियान और 20 लाख करोड़ के आर्थिक पैकेज की घोषणा
- 21 सितंबर 2025: ‘GST बचत उत्सव’ की घोषणा
इन सभी फैसलों का देश की अर्थव्यवस्था, राजनीति और सामाजिक व्यवस्था पर गहरा असर पड़ा है। ऐसे में आज का संबोधन भी महत्वपूर्ण माना जा रहा है। फिलहाल पूरे देश की नजरें रात 8:30 बजे होने वाले इस संबोधन पर टिकी हुई हैं।
