वाराणसी: कोडीन कफ सिरप तस्करी मामले में बड़ा अपडेट सामने आया है। इस हाई-प्रोफाइल केस में अदालत ने दो आरोपियों—अमित सिंह टाटा और अमित यादव—को 14 दिन की न्यायिक हिरासत में भेजने का आदेश दिया है। दोनों को फिलहाल लखनऊ जेल में रखा गया है, लेकिन अब उन्हें पूछताछ के लिए वाराणसी लाया जाएगा, जहां पुलिस इस पूरे नेटवर्क की गहराई से जांच करेगी।
यह मामला वाराणसी के कोतवाली थाने में दर्ज हुआ था, जिसमें ड्रग इंस्पेक्टर की शिकायत पर दोनों आरोपियों को नामजद किया गया था। केस की सुनवाई करते हुए अपर जिला जज (एफटीसी) मनोज कुमार की अदालत ने अगली तारीख 2 मई तय की है।
बताया जा रहा है कि आरोपियों की पेशी पहले कई बार टल चुकी थी, जिसके बाद पुलिस ने वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के जरिए पेशी कराने की मांग की। अदालत ने इस पर सहमति जताई और वर्चुअल सुनवाई के दौरान ही दोनों को न्यायिक रिमांड पर भेजने का फैसला सुनाया।
Also Read: कफ सिरप माफिया पर बड़ा वार, फरार शुभम जायसवाल ‘भगोड़ा’ घोषित
पुलिस अधिकारियों के अनुसार, अब दोनों आरोपियों को वाराणसी लाकर उनसे विस्तार से पूछताछ की जाएगी। जांच एजेंसियों का मानना है कि इस पूछताछ से कोडीन कफ सिरप की अवैध तस्करी से जुड़े पूरे गिरोह और सप्लाई चेन का खुलासा हो सकता है। साथ ही इस मामले में अन्य संदिग्ध लोगों के नाम भी सामने आने की संभावना जताई जा रही है।
गौरतलब है कि इस तस्करी रैकेट का मुख्य आरोपी शुभम जायसवाल बताया जा रहा है, जिसके साथ अमित सिंह टाटा और अमित यादव के संबंध पहले से ही कई मामलों में सामने आ चुके हैं। पुलिस का कहना है कि यह गिरोह लंबे समय से अवैध तरीके से कोडीन युक्त कफ सिरप की सप्लाई कर करोड़ों रुपये का कारोबार कर रहा था।
फिलहाल वाराणसी पुलिस इस पूरे नेटवर्क को तोड़ने के लिए सक्रिय है और उम्मीद जताई जा रही है कि आने वाले दिनों में इस केस में और बड़े खुलासे हो सकते हैं।
