• Banaras Now, Varanasi
  • August 28, 2026

वाराणसी: काशी हिंदू विश्वविद्यालय (BHU) के बिरला-A छात्रावास में शनिवार देर रात पानी की समस्या को लेकर शुरू हुआ विवाद अचानक बेकाबू हो गया। देखते ही देखते छात्रों और सुरक्षाकर्मियों के बीच टकराव बढ़ गया और करीब एक घंटे तक पत्थरबाजी की घटना होती रही। इस दौरान एक सुरक्षाकर्मी गंभीर रूप से घायल हो गया, जिसे तत्काल ट्रॉमा सेंटर में भर्ती कराया गया, जबकि अन्य को भी चोटें आई हैं।

मिली जानकारी के अनुसार, रात करीब 11:30 बजे पानी की सप्लाई ठप होने से नाराज छात्रों ने सड़क पर उतरकर विरोध प्रदर्शन शुरू कर दिया। सूचना मिलते ही वार्डन मौके पर पहुंचे और तत्काल राहत के तौर पर पानी की बोतलों की व्यवस्था कराई। साथ ही सुबह तक समस्या का समाधान करने का भरोसा दिया, जिसके बाद छात्र वापस हॉस्टल लौट गए।

कुछ देर बाद फिर शुरू हुआ विवाद

हालांकि, कुछ देर बाद स्थिति फिर बिगड़ गई जब कुछ छात्र दोबारा बाहर आए और सड़क पर केक काटने लगे। सुरक्षाकर्मियों ने उन्हें रोकने की कोशिश की, जिससे विवाद बढ़ गया और कहासुनी के बाद धक्का-मुक्की व मारपीट की नौबत आ गई। तनाव बढ़ने पर कुछ छात्र हॉस्टल की छत पर चढ़ गए और देर रात करीब 12:30 बजे से 2:15 बजे तक पत्थरबाजी करते रहे। इस दौरान हॉस्टल परिसर की लाइट भी बंद हो गई, जिससे माहौल और अधिक तनावपूर्ण हो गया।

स्थिति को संभालने के लिए पहले प्राक्टोरियल बोर्ड ने कोशिश की, लेकिन हालात काबू में न आने पर पुलिस बल बुलाना पड़ा। एसीपी भेलूपुर गौरव कुमार पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंचे और माइक के जरिए छात्रों से शांति बनाए रखने की अपील की। काफी प्रयासों के बाद स्थिति को नियंत्रित कर लिया गया।

वार्डन ने भी छात्रों से संयम बरतने की अपील करते हुए कहा कि इस तरह की हिंसा और अनुशासनहीनता स्वीकार्य नहीं है। उन्होंने छात्रों से अपने कमरों में लौटने और समस्याओं का समाधान बातचीत के जरिए निकालने की बात कही। छात्रों का कहना है कि हॉस्टल में लंबे समय से बुनियादी सुविधाओं की कमी बनी हुई है, जिसे लेकर कई बार शिकायत की जा चुकी है। फिलहाल प्रशासन ने मामले की जांच शुरू कर दी है और स्थिति पर नजर रखी जा रही है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *