• Banaras Now, Varanasi
  • April 21, 2026

वाराणसी: पूर्वांचल सहित वाराणसी में गर्मी ने अपने तेवर दिखाने शुरू कर दिए हैं। तापमान सामान्य से ऊपर पहुंच गया है, जिससे लोगों को भीषण गर्मी और लू का सामना करना पड़ रहा है। मौसम विभाग ने अगले 48 घंटों के लिए हीटवेव का अलर्ट जारी किया है। रविवार सुबह तक मौसम कुछ हद तक सामान्य रहा और हल्की हवाओं से राहत मिली, लेकिन सुबह 9 बजे के बाद तेज धूप और गर्म हवाओं ने असर दिखाना शुरू कर दिया। दोपहर तक लू के थपेड़ों ने लोगों की परेशानी बढ़ा दी।

पिछले 24 घंटों में वाराणसी का अधिकतम तापमान 41.8°C दर्ज किया गया, जो सामान्य से करीब 2 डिग्री अधिक है, जबकि न्यूनतम तापमान 23°C रहा। आर्द्रता 19% से 35% के बीच दर्ज की गई, जिससे उमस भी बढ़ रही है। मौसम विशेषज्ञों के अनुसार पश्चिमी विक्षोभ का असर कमजोर पड़ने से तापमान में तेजी आई है। आने वाले दिनों में अधिकतम तापमान और बढ़ सकता है, जिससे हीट स्ट्रोक और अन्य स्वास्थ्य समस्याओं का खतरा बढ़ जाएगा।

हालांकि आगे चलकर वातावरण में नमी बढ़ने के संकेत हैं, जिससे बादलों की सक्रियता और प्री-मानसून बारिश की संभावना बन सकती है। लेकिन फिलहाल अगले कुछ दिनों तक गर्मी से राहत मिलने की उम्मीद कम है।

सावधानी बरतें

  • दोपहर के समय घर से बाहर निकलने से बचें
  • पर्याप्त मात्रा में पानी पिएं
  • धूप से बचाव के लिए छाता या टोपी का इस्तेमाल करें
  • बुजुर्गों और बच्चों का विशेष ध्यान रखें

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *