• Banaras Now, Varanasi
  • April 27, 2026

वाराणसी: जिले में लगातार बढ़ रही भीषण गर्मी और हीटवेव के खतरे को देखते हुए शिक्षा विभाग ने अहम निर्णय लिया है। जिला विद्यालय निरीक्षक कार्यालय द्वारा जारी आदेश के अनुसार सभी स्कूलों के समय में बदलाव किया गया है, ताकि बच्चों को तेज धूप और लू से सुरक्षित रखा जा सके।

आदेश में बताया गया है कि भारत मौसम विज्ञान विभाग के अलर्ट और जिलाधिकारी के निर्देश के बाद यह फैसला लिया गया है। अब जिले के सभी परिषदीय, प्राथमिक, उच्च प्राथमिक, माध्यमिक और सहायता प्राप्त विद्यालयों में कक्षाओं का संचालन सुबह 7:30 बजे से दोपहर 12:30 बजे तक ही किया जाएगा।

कक्षा 1 से 8 तक ऑनलाइन पढ़ाई

छात्रों के स्वास्थ्य को ध्यान में रखते हुए कक्षा 1 से 8 तक की पढ़ाई ऑनलाइन माध्यम से कराने के निर्देश दिए गए हैं। वहीं कक्षा 9 से 12 तक की कक्षाओं का संचालन विद्यालय प्रबंधन समिति के निर्णय के अनुसार किया जाएगा।

आउटडोर गतिविधियों पर रोक

आदेश में स्पष्ट किया गया है कि किसी भी स्थिति में छात्रों की आउटडोर गतिविधियां तेज धूप में नहीं कराई जाएंगी। सभी स्कूलों को गर्मी से बचाव के आवश्यक उपाय सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए हैं।

सभी बोर्डों के स्कूलों पर लागू

यह आदेश सीबीएसई, आईसीएसई और यूपी बोर्ड से मान्यता प्राप्त सभी विद्यालयों पर लागू होगा। स्कूल प्रबंधन को निर्देशों का सख्ती से पालन करने को कहा गया है।

अभिभावकों से सहयोग की अपील

शिक्षा विभाग ने अभिभावकों से अपील की है कि वे बच्चों के स्वास्थ्य को प्राथमिकता दें और इस भीषण गर्मी के दौरान सावधानी बरतें।लगातार बढ़ते तापमान के बीच यह निर्णय छात्रों को हीटवेव के प्रभाव से बचाने के उद्देश्य से लिया गया है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *