• Banaras Now, Varanasi
  • July 14, 2026
varanasi-rape-on-foreign-woman-marriage-promise

वाराणसी। सारनाथ थाना क्षेत्र में एक विदेशी मूल की युवती को शादी का झांसा देकर लंबे समय तक उससे दुष्कर्म करने का एक सनसनीखेज मामला सामने आया है। घटना के बाद से ही मुख्य आरोपी अविनाश सेठ फरार है, जिसकी गिरफ्तारी के लिए पुलिस ने अब 25 हजार रुपये के इनाम की घोषणा की है। पुलिस आरोपी की तलाश में लगातार संभावित ठिकानों पर दबिश दे रही है।

मूल रूप से नेपाल की रहने वाली पीड़ित युवती वाराणसी के कैंटोनमेंट इलाके में अपने पिता के साथ रहती है। पुलिस को दी गई शिकायत के अनुसार, साल 2022 में उसकी मुलाकात तेलियाबाग के रहने वाले अविनाश सेठ से हुई थी। अविनाश ने खुद को कुंवारा बताते हुए युवती के सामने शादी का प्रस्ताव रखा और एक रस्म के तौर पर उसकी मांग में सिंदूर भी भर दिया। इसके बाद शादी का झांसा देकर वह पिछले करीब चार साल तक युवती का यौन उत्पीड़न करता रहा।

इस धोखाधड़ी का खुलासा तब हुआ जब 28 मई को पीड़िता अचानक पहाड़िया स्थित अपने फ्लैट पर पहुंची। वहां उसने अविनाश को शालिनी गुप्ता नाम की एक अन्य युवती के साथ बेहद आपत्तिजनक स्थिति में रंगे हाथों पकड़ लिया। जब पीड़िता ने इस संबंध में सवाल किया, तो अविनाश और शालिनी भड़क गए। दोनों ने मिलकर पीड़िता को भद्दी-भद्दी गालियां दीं, लोहे की रॉड से उस पर जानलेवा हमला करने की कोशिश की और उसे जबरन घर से बाहर निकाल दिया।

पीड़िता का आरोप है कि अविनाश एक शातिर किस्म का व्यक्ति है जो कई अन्य लड़कियों को भी अपने प्रेम जाल में फंसाकर उनका शोषण कर चुका है। इस धोखे और प्रताड़ना से आहत होकर पीड़िता ने आत्मघाती कदम उठाने का भी प्रयास किया, लेकिन समय रहते परिजनों ने उसे बचा लिया। इसके बाद पीड़िता ने सारनाथ थाने में अविनाश सेठ और शालिनी गुप्ता के खिलाफ नामजद मुकदमा दर्ज कराया।

पुलिस का वक्तव्य:

“आरोपियों के खिलाफ संबंधित धाराओं में केस दर्ज कर लिया गया है। फरार अविनाश सेठ की गिरफ्तारी के लिए टीमें छापेमारी कर रही हैं। वरुणा जोन के पुलिस उपायुक्त प्रमोद कुमार द्वारा आरोपी पर 25 हजार रुपये का इनाम घोषित किया गया है। सूचना देने वाले व्यक्ति का नाम और पहचान पूरी तरह गुप्त रखी जाएगी।”

पंकज कुमार त्रिपाठी, थाना प्रभारी, सारनाथ

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *