• Banaras Now, Varanasi
  • July 14, 2026
varanasi-news-woman-dies-in-bus-accident-shivpur

वाराणसी। शिवपुर थाना क्षेत्र के सुद्दीपुर (रोटी ढाबा के पास) में मंगलवार सुबह करीब 7:30 बजे एक तेज रफ्तार निजी बस ने एक महिला को कुचल दिया, जिससे उनकी मौके पर ही मौत हो गई। मृतका की पहचान आकांक्षा श्रीवास्तव के रूप में हुई है, जो यूनियन बैंक ऑफ इंडिया के क्षेत्रीय कार्यालय में कार्यरत सीनियर मैनेजर राहुल बसाक की पत्नी थीं।

स्कूल से लौटते वक्त हुआ हादसा

मिली जानकारी के अनुसार, आकांक्षा सुबह अपनी सात साल की बेटी प्रियांगी (कक्षा 3 की छात्रा) को गिलट बाजार स्थित उसके स्कूल छोड़कर पैदल घर वापस आ रही थीं। उनका घर हादसे वाली जगह से महज 100 मीटर की दूरी पर था। जब वह सुद्दीपुर में सड़क पार कर रही थीं, तभी जौनपुर की ओर से आ रही एक तेज रफ्तार प्राइवेट बस ने उन्हें जोरदार टक्कर मार दी।

प्रत्यक्षदर्शियों ने बताया कि टक्कर लगते ही आकांक्षा सड़क पर गिर गईं और बस का पहिया उनके सिर के ऊपर से निकल गया, जिसके कारण उन्होंने मौके पर ही दम तोड़ दिया। दोनों की शादी करीब 10 साल पहले प्रेम विवाह के रूप में हुई थी।

स्थानीय लोगों ने ड्राइवर को दबोचा, बैंक कर्मियों में शोक

दुर्घटना के बाद बस चालक ने वाहन समेत मौके से भागने का प्रयास किया। हालांकि, वहां मौजूद स्थानीय निवासियों ने तत्परता दिखाते हुए पीछा करके बस को रुकवा लिया और ड्राइवर को पकड़कर पुलिस के हवाले कर दिया।

सूचना मिलते ही शिवपुर थाने की पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। इस दुखद घटना की खबर मिलते ही यूनियन बैंक के अंचल प्रमुख कामेश्वर राय और क्षेत्र प्रमुख शैलेंद्र कुमार समेत कई आला अधिकारी और कर्मचारी शोक संवेदना व्यक्त करने पोस्टमार्टम हाउस पहुंचे। पुलिस मामले की आगे की कानूनी कार्रवाई कर रही है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *