वाराणसी: जैतपुरा थाना क्षेत्र के सलारपुरा इलाके में पांच साल की बच्ची के साथ कथित अश्लील हरकत और छेड़खानी का मामला सामने आया है। घटना की जानकारी मिलने के बाद पीड़िता के परिजनों ने पुलिस से शिकायत की। मामले को गंभीरता से लेते हुए जैतपुरा पुलिस ने त्वरित कार्रवाई की और शिकायत दर्ज होने के करीब चार घंटे के भीतर आरोपी को गिरफ्तार कर लिया।
घर के पास खेल रही थी बच्ची
प्राप्त जानकारी के मुताबिक, सलारपुरा निवासी पांच वर्षीय बच्ची अपने घर के आसपास खेल रही थी। इसी दौरान स्थानीय निवासी मो. वसीम उर्फ समीर (32) पर बच्ची के साथ छेड़खानी और अश्लील हरकत करने का आरोप लगा है। घटना के बाद बच्ची ने परिजनों को इसकी जानकारी दी। इसके बाद परिवार के सदस्यों ने जैतपुरा थाने पहुंचकर पुलिस को लिखित शिकायत दी।
शिकायत मिलते ही पुलिस ने शुरू की कार्रवाई
मामले की संवेदनशीलता को देखते हुए जैतपुरा थानाध्यक्ष उपेंद्र प्रताप सिंह ने तत्काल मुकदमा दर्ज कराया और आरोपी की तलाश के लिए पुलिस टीम गठित की। पुलिस ने क्षेत्र में तलाश और घेराबंदी शुरू की।
पुलिस के अनुसार, सोमवार शाम करीब 7:55 बजे आरोपी मो. वसीम उर्फ समीर को सलारपुरा मस्जिद के पास से गिरफ्तार कर लिया गया। शिकायत दर्ज होने के लगभग चार घंटे के भीतर हुई इस कार्रवाई के बाद पुलिस ने आरोपी के खिलाफ आगे की कानूनी प्रक्रिया शुरू की।
पुलिस टीम में ये रहे शामिल
आरोपी की गिरफ्तारी करने वाली टीम में जैतपुरा थानाध्यक्ष उपेंद्र प्रताप सिंह, उपनिरीक्षक जफर मेहदी, कांस्टेबल सूरज कुमार और कांस्टेबल आशीष कन्नौजिया शामिल रहे।
पुलिस की ओर से मामले में नियमानुसार आगे की कार्रवाई की जा रही है। घटना के बाद इलाके में नाराजगी का माहौल बताया जा रहा है।
