वाराणसी: मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ मंगलवार को अपने दो दिवसीय दौरे पर वाराणसी पहुंचेंगे। शाम करीब 5 बजे के बाद उनका हेलीकॉप्टर पुलिस लाइन हेलीपैड पर उतरेगा, जहां से वे सीधे सर्किट हाउस जाएंगे। इस दौरे के दौरान मुख्यमंत्री प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के संभावित काशी दौरे की तैयारियों की विस्तृत समीक्षा करेंगे।
मुख्यमंत्री अपने कार्यक्रम में प्रस्तावित सभा स्थल बीएलडब्ल्यू का निरीक्षण भी करेंगे। साथ ही शहर में चल रही विभिन्न विकास परियोजनाओं की प्रगति का जायजा लेंगे और आगामी शिलान्यास व लोकार्पण से जुड़ी योजनाओं पर अधिकारियों के साथ चर्चा करेंगे।
मंदिरों में करेंगे दर्शन-पूजन
दौरे के दौरान मुख्यमंत्री कानून-व्यवस्था को लेकर भी उच्चस्तरीय बैठक करेंगे। इसमें प्रशासनिक अधिकारी और जनप्रतिनिधि शामिल होंगे। बैठक में मिले फीडबैक के आधार पर जरूरी निर्देश और कार्रवाई भी की जा सकती है। अपने कार्यक्रम में मुख्यमंत्री श्री काशी विश्वनाथ धाम और काल भैरव मंदिर में दर्शन-पूजन भी करेंगे, जिसे लेकर प्रशासन पूरी तरह सतर्क है।
ट्रैफिक पुलिस ने जारी किया डायवर्जन प्लान
सीएम के आगमन को देखते हुए शहर में ट्रैफिक व्यवस्था में बदलाव किया गया है। पुलिस लाइन से सर्किट हाउस, और वहां से काशी विश्वनाथ धाम व काल भैरव मंदिर तक कई मार्गों पर डायवर्जन लागू रहेगा।
प्रमुख डायवर्जन व्यवस्था
- मुड़ैला तिराहा से मंडुवाडीह की ओर जाने वाले वाहनों को मोहनसराय/चांदपुर की ओर मोड़ा जाएगा।
- मंडुवाडीह तिराहा से मंडुवाडीह चौराहा की ओर जाने पर रोक, वाहनों को मुड़ैला की ओर भेजा जाएगा।
- बौलिया से लहरतारा जाने वाले वाहन फुलवरिया ओवरब्रिज की ओर डायवर्ट होंगे।
- महमूरगंज क्षेत्र से ककरमत्ता की ओर जाने वाले मार्ग पर रोक रहेगी।
- भिखारीपुर से बरेका या ककरमत्ता की ओर जाने वाले वाहन सुन्दरपुर/चितईपुर रूट से जाएंगे।
बड़े वाहनों पर शाम से प्रतिबंध
शाम 4 बजे के बाद टूरिस्ट बस, टेंपो ट्रैवलर और अन्य भारी वाहनों के लिए कई मार्गों पर प्रवेश प्रतिबंधित रहेगा। इन्हें वैकल्पिक मार्गों से भेजा जाएगा।
सहायता के लिए हेल्पलाइन
ट्रैफिक से जुड़ी जानकारी या असुविधा होने पर लोग कंट्रोल रूम (7839856994) और हेल्पलाइन (7317202020) पर संपर्क कर सकते हैं। प्रशासन ने लोगों से अपील की है कि वे तय रूट डायवर्जन का पालन करें और यात्रा के दौरान अतिरिक्त समय लेकर निकलें, ताकि किसी प्रकार की परेशानी से बचा जा सके।
