• Banaras Now, Varanasi
  • May 30, 2026

वाराणसी: अपने संसदीय क्षेत्र के दौरे पर आए प्रधानमंत्री के स्वागत में काशी में जबरदस्त उत्साह देखने को मिला। बरेका (BLW) मैदान में आयोजित ‘जन आक्रोश महिला सम्मेलन’ में शामिल होने के लिए करीब 40 हजार से ज्यादा महिलाओं की भारी भीड़ उमड़ पड़ी। बरेका गेट से लेकर कार्यक्रम स्थल तक हर तरफ महिलाओं की मौजूदगी रही।

वाराणसी के साथ-साथ चंदौली, मिर्जापुर और गाजीपुर से भी महिलाएं पारंपरिक परिधानों में ढोल-नगाड़ों और ‘हर-हर महादेव’ के जयघोष के साथ पहुंचीं और स्वागत किया। पूरे क्षेत्र में उत्सव जैसा माहौल देखने को मिला।

इस कार्यक्रम के दौरान काशी और आसपास के क्षेत्रों के लिए करीब 6322 करोड़ रुपये की 163 विकास परियोजनाओं का शिलान्यास और लोकार्पण किया जाना प्रस्तावित है। इन परियोजनाओं में स्वास्थ्य सेवाएं, शिक्षा, सड़क निर्माण और पर्यटन से जुड़े बड़े काम शामिल हैं, जिनसे पूर्वांचल के विकास को नई गति मिलने की उम्मीद है।

कार्यक्रम स्थल पर सुरक्षा के व्यापक इंतजाम किए गए हैं। खास बात यह रही कि व्यवस्थाओं की जिम्मेदारी महिला पुलिसकर्मियों और स्वयंसेविकाओं को सौंपी गई, जो महिला सशक्तिकरण का प्रतीक भी है।

इसके अलावा, दो नई अमृत भारत एक्सप्रेस ट्रेनों—बनारस से पुणे और अयोध्या से मुंबई—को भी हरी झंडी दिखाकर रेल सेवाओं का विस्तार किया जाएगा। स्थानीय लोगों का मानना है कि इस दौरे से काशी में पर्यटन और व्यापार के क्षेत्र में नई संभावनाएं खुलेंगी।

पूरे शहर में इस आयोजन को लेकर उत्सव जैसा माहौल बना हुआ है और लोगों में भारी उत्साह देखने को मिल रहा है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *