• Banaras Now, Varanasi
  • July 14, 2026

वाराणसी: रविवार सुबह वाराणसी में एक बड़ा हादसा होने से बाल-बाल बच गया। भेलूपुर थाना क्षेत्र के शिवाला घाट पर स्नान के दौरान 15 तीर्थयात्रियों का समूह अचानक गहरे पानी की ओर चला गया, जिससे मौके पर अफरा-तफरी मच गई। इसी दौरान तीन युवतियां डूबने लगीं।

मौके पर मौजूद नाविकों ने तुरंत साहस और सतर्कता दिखाते हुए गंगा में छलांग लगा दी और तेजी से रेस्क्यू कर तीनों युवतियों को सुरक्षित बाहर निकाल लिया। जानकारी के अनुसार, सभी तीर्थयात्री आंध्र प्रदेश से काशी दर्शन और पूजा-अर्चना के लिए वाराणसी आए थे।

घटना सुबह करीब 10 बजे की बताई जा रही है। प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, स्नान करते समय कुछ लोग धीरे-धीरे गहरे पानी में चले गए, जिसके बाद तीन युवतियां संतुलन खो बैठीं और डूबने लगीं। रेस्क्यू के दौरान एक युवती की हालत कुछ समय के लिए गंभीर हो गई थी। नाविकों ने तुरंत प्राथमिक उपचार देते हुए सीपीआर किया, जिससे उसकी स्थिति में सुधार हुआ और वह सुरक्षित हो गई।

डूबने वाली युवतियों की पहचान अनुशा, चिन्नी और एसवी पांडा के रूप में हुई है। नाविकों का कहना है कि उन्होंने पहले ही तीर्थयात्रियों को गहरे पानी में न जाने की चेतावनी दी थी, लेकिन इसके बावजूद कुछ लोग आगे बढ़ गए, जिससे यह स्थिति बनी। समय रहते नाविकों की बहादुरी और तत्परता से एक बड़ा हादसा टल गया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *