उत्तर प्रदेश को जल्द ही एक और आधुनिक एक्सप्रेसवे की सौगात मिलने जा रही है। 594 किलोमीटर लंबा गंगा एक्सप्रेसवे लगभग बनकर तैयार हो चुका है। 6 लेन ग्रीनफील्ड एक्सप्रेसवे पर FASTag आधारित टोल सिस्टम का ट्रायल सफलतापूर्वक पूरा कर लिया गया है, जिससे इसके संचालन की दिशा में बड़ा कदम माना जा रहा है।
परियोजना का करीब 95 प्रतिशत कार्य पूरा हो चुका है। अधिकारियों के अनुसार, एक्सप्रेसवे से जुड़ी सभी 1498 संरचनाओं का निर्माण कार्य भी पूरा कर लिया गया है। अब अंतिम चरण का काम तेजी से चल रहा है।

गंगा एक्सप्रेसवे के चालू होने से मेरठ से प्रयागराज के बीच यात्रा का समय काफी कम हो जाएगा। जहां पहले इस दूरी को तय करने में करीब 12 घंटे लगते थे, वहीं अब यह सफर मात्र 6 से 8 घंटे में पूरा हो सकेगा।
यह एक्सप्रेसवे कुल 12 जिलों को जोड़ते हुए प्रदेश में यातायात व्यवस्था को नई गति देगा और औद्योगिक, व्यापारिक व पर्यटन गतिविधियों को भी बढ़ावा मिलेगा।
सूत्रों के मुताबिक, गंगा एक्सप्रेसवे का उद्घाटन होली के आसपास किए जाने की संभावना है। इसके शुरू होते ही प्रदेश के विकास को एक नई रफ्तार मिलने की उम्मीद है।
