दिल्ली। समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव ने वोटर लिस्ट से जुड़े मुद्दे और चुनाव आयोग की भूमिका को लेकर भारतीय जनता पार्टी पर गंभीर आरोप लगाए हैं। उन्होंने कहा कि इस समय जो SIR (Special Intensive Revision) प्रक्रिया चल रही है, उसे लेकर सबसे बड़ी चिंता की बात यह है कि इसमें भाजपा की सीधी भूमिका दिखाई दे रही है।
अखिलेश यादव ने आरोप लगाया कि भाजपा जिसकी वोट कटवाना चाहती है, उसका वोट कटवाया जा रहा है और जिसका वोट जुड़वाना चाहती है, उसका वोट जुड़वाया जा रहा है। उन्होंने कहा कि यदि विपक्ष या आम लोग इस संबंध में कोई शिकायत करना चाहते हैं तो चुनाव आयोग उन्हें नजरअंदाज कर रहा है।
सपा अध्यक्ष ने कहा कि चुनाव आयोग एक संवैधानिक संस्था है और उसकी जिम्मेदारी है कि अधिक से अधिक लोगों के वोट बनें और लोकतंत्र मजबूत हो। लेकिन चुनाव आयोग के अधिकारियों का जिस तरह का व्यवहार सामने आ रहा है, उससे ऐसा प्रतीत होता है कि वे भाजपा के लिए काम कर रहे हैं।
इसके साथ ही अखिलेश यादव ने कहा कि भाजपा की कोशिश रहती है कि अहम मुद्दों पर चर्चा न हो। उन्होंने उदाहरण देते हुए कहा कि जब चीन से जुड़े सवालों पर नेता प्रतिपक्ष और अन्य दल जानकारी हासिल करना चाहते थे, तब भारतीय जनता पार्टी पीछे हट गई।
अखिलेश यादव के इस बयान के बाद राजनीतिक गलियारों में हलचल तेज हो गई है और इस मुद्दे पर सत्तापक्ष और विपक्ष के बीच टकराव बढ़ने के आसार हैं।
