• Banaras Now, Varanasi
  • March 6, 2026

रंगों के पर्व होली से पहले सरकार ने वाराणसी के लाखों जरूरतमंद परिवारों को बड़ी राहत दी है। प्रधानमंत्री उज्ज्वला योजना के तहत जिले के 2,49,259 लाभार्थियों को निशुल्क गैस सिलेंडर रिफिल उपलब्ध कराया जा रहा है। इस पहल से त्योहार के दौरान रसोई खर्च का बोझ कम होगा और महिलाओं को सीधा आर्थिक लाभ मिलेगा।

जिला प्रशासन के अनुसार, इस योजना पर वाराणसी में कुल ₹22,84,45,873.50 की धनराशि खर्च की जाएगी। प्रति सिलेंडर केंद्र सरकार की ओर से ₹335.40 और राज्य सरकार की ओर से ₹581.10 का अंशदान दिया जा रहा है। लाभार्थियों को एक-एक मुफ्त रिफिल का लाभ मिलेगा, जिसकी राशि सीधे उनके आधार-लिंक्ड बैंक खातों में डीबीटी के माध्यम से भेजी जाएगी।

जिला पूर्ति अधिकारी के.बी. सिंह ने बताया कि लाभ पाने के लिए उपभोक्ताओं का बैंक खाता आधार से लिंक होना अनिवार्य है। साथ ही आधार सत्यापन की प्रक्रिया पूरी होना भी जरूरी है। जिन लाभार्थियों के खाते अभी तक आधार से नहीं जुड़े हैं, उन्हें शीघ्र प्रक्रिया पूरी करने के निर्देश दिए गए हैं। गैस एजेंसियों को भी लाभार्थियों से संपर्क कर आवश्यक औपचारिकताएं सुनिश्चित करने को कहा गया है।

प्रशासन के मुताबिक, यह योजना दो चरणों में लागू की जा रही है। पहला चरण दीपावली के अवसर पर संचालित किया गया था, जिसमें भी मुफ्त सिलेंडर का लाभ दिया गया था। अब दूसरा चरण जनवरी से मार्च 2026 तक चलेगा। दोनों चरणों में समान संख्या में उज्ज्वला कनेक्शन धारकों को लाभान्वित किया जा रहा है।

सरकार का कहना है कि इस पहल का उद्देश्य त्योहारों के समय गरीब और निम्न आय वर्ग के परिवारों को अतिरिक्त आर्थिक सहायता देना है, ताकि वे बिना किसी चिंता के उत्सव मना सकें। उज्ज्वला योजना के माध्यम से पहले ही करोड़ों महिलाओं को धुएं से मुक्ति और स्वच्छ ईंधन उपलब्ध कराया गया है।

होली जैसे बड़े पर्व पर मुफ्त रिफिल की यह सुविधा वाराणसी के हजारों परिवारों के लिए राहतभरी खबर है। इससे न केवल घरेलू बजट संतुलित रहेगा, बल्कि स्वच्छ ईंधन के उपयोग को भी बढ़ावा मिलेगा।

Author

thefrontfaceindia@gmail.com

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *