• Banaras Now, Varanasi
  • March 19, 2026

वाराणसी: अंतर्राष्ट्रीय महिला दिवस के अवसर पर 8 मार्च 2026 को काशी में विभिन्न कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। इसी क्रम में जिला प्रशासन की ओर से सिगरा स्टेडियम में महिलाओं के लिए ब्रेस्ट कैंसर स्क्रीनिंग का वृहद अभियान चलाया जाएगा। यह कार्यक्रम आईटीबी फाउंडेशन के सहयोग से आयोजित किया जा रहा है।

इस संबंध में जानकारी देते हुए वाराणसी के मुख्य विकास अधिकारी प्रखर कुमार सिंह ने बताया कि महिला दिवस के उपलक्ष्य में सिगरा स्टेडियम में एक ही स्थान पर 10 हजार से अधिक महिलाओं की ब्रेस्ट कैंसर स्क्रीनिंग कराने का लक्ष्य रखा गया है। यह जांच एआई सक्षम थर्मल इमेजिंग तकनीक के माध्यम से की जाएगी।

उन्होंने बताया कि 14 जनवरी से जिला प्रशासन द्वारा ‘नमो रथ’ अभियान के तहत 20 एंबुलेंस संचालित की जा रही हैं, जिनके माध्यम से जनपद के अलग-अलग स्थानों पर प्रतिदिन ब्रेस्ट कैंसर की स्क्रीनिंग की जा रही है। अब तक इस अभियान के अंतर्गत 36 हजार से अधिक महिलाओं की जांच की जा चुकी है।

सीडीओ ने बताया कि यह तकनीक “नो टच, नो सी” प्रक्रिया पर आधारित है, जिसमें जांच के दौरान किसी प्रकार का शारीरिक संपर्क या व्यक्ति की प्रत्यक्ष उपस्थिति नहीं होती। इससे महिलाओं की गोपनीयता पूरी तरह सुरक्षित रहती है।

उन्होंने वाराणसी की सभी महिलाओं से अपील करते हुए कहा कि वे अधिक से अधिक संख्या में 8 मार्च को सुबह 8 बजे से शाम 6 बजे तक सिगरा स्टेडियम पहुंचकर अपनी ब्रेस्ट कैंसर स्क्रीनिंग अवश्य कराएं। इससे बीमारी का शुरुआती चरण में पता लगने पर समय रहते इलाज संभव हो सकेगा।

उन्होंने यह भी कहा कि यदि किसी महिला में कैंसर या अन्य समस्या की पुष्टि होती है तो आगे के इलाज के लिए जिला प्रशासन पूरी सहायता प्रदान करेगा। इसके लिए टाटा कैंसर हॉस्पिटल सहित अन्य अस्पतालों से भी सहयोग लिया जाएगा।

Author

thefrontfaceindia@gmail.com

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *