लखनऊ: उत्तर प्रदेश में पेट्रोल-डीजल और गैस की किल्लत को लेकर फैल रही अफवाहों पर मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने सख्त रुख अपनाया है। उन्होंने प्रदेश के सभी जिलाधिकारियों (DM) और पुलिस कप्तानों (SP) को स्पष्ट निर्देश दिए हैं कि अफवाह फैलाने वालों और कालाबाजारी करने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाए।
मुख्यमंत्री ने कहा है कि पेट्रोल, डीजल और गैस सिलेंडर की कालाबाजारी किसी भी हाल में बर्दाश्त नहीं की जाएगी। साथ ही सोशल मीडिया के माध्यम से गलत जानकारी फैलाने वालों पर भी कड़ी नजर रखने के निर्देश दिए गए हैं।

सीएम के निर्देश के बाद पुलिस मुख्यालय से लेकर जिला स्तर तक सोशल मीडिया गतिविधियों की निगरानी बढ़ा दी गई है। अफवाह फैलाने वालों की पहचान कर उनके खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाएगी।
सभी जिलों की पुलिस को पेट्रोल पंपों के आसपास निगरानी बढ़ाने के निर्देश दिए गए हैं, ताकि किसी भी तरह की अव्यवस्था या अफवाह से बचा जा सके।
इसके अलावा जिला प्रशासन और आपूर्ति विभाग को गैस एजेंसियों और दुकानों का निरीक्षण करने के निर्देश दिए गए हैं। गैस सिलेंडरों का अवैध भंडारण करने वालों के खिलाफ भी सख्त कार्रवाई की जाएगी।
सरकार ने स्पष्ट किया है कि आम लोगों को किसी भी प्रकार की परेशानी नहीं होने दी जाएगी और पेट्रोल, डीजल व गैस की आपूर्ति सामान्य रूप से जारी रहेगी।
