• Banaras Now, Varanasi
  • March 19, 2026

वाराणसी: शहर और ग्रामीण क्षेत्रों में रसोई गैस की सुविधा को अधिक सुगम और सुरक्षित बनाने के उद्देश्य से घरेलू पाइपलाइन गैस (PNG) योजना को तेजी से आगे बढ़ाया जा रहा है। इसके तहत अब लोगों को सिलेंडर की बजाय सीधे उनके घरों की रसोई तक पाइपलाइन के माध्यम से गैस उपलब्ध कराई जाएगी।

प्रदेश सरकार के स्टाम्प एवं न्यायालय पंजीयन शुल्क राज्य मंत्री (स्वतंत्र प्रभार) रविन्द्र जायसवाल के निर्देश पर रविवार से नगर निगम के सभी आठ जोनल कार्यालयों में विशेष कैंप लगाए गए हैं। इन कैंपों में नागरिकों को पाइपलाइन गैस कनेक्शन के लिए आवेदन करने और प्रक्रिया पूरी करने की सुविधा दी जा रही है।

रविवार को अभियान के पहले दिन मंत्री रविन्द्र जायसवाल ने नदेसर स्थित नगर निगम के जोनल कार्यालय में लगाए गए विशेष कैंप का निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने अधिकारियों से योजना की प्रगति की जानकारी ली और निर्देश दिया कि अधिक से अधिक लोगों तक यह सुविधा पहुंचाई जाए। उन्होंने कहा कि सरकार की मंशा है कि शहर के हर घर तक सुरक्षित और सस्ती गैस सुविधा पहुंचे, इसलिए इस कार्य को युद्धस्तर पर पूरा किया जाए।

अधिकारियों के अनुसार गैस आपूर्ति के लिए करीब 102 किलोमीटर लंबी स्टील की हाई प्रेशर पाइपलाइन बिछाई जा चुकी है, जो मुख्य वितरण प्रणाली का आधार बनेगी। इसके अलावा घरों तक गैस पहुंचाने के लिए लगभग 1450 किलोमीटर लो प्रेशर प्लास्टिक पाइपलाइन का नेटवर्क भी तैयार किया जा चुका है।

मंत्री रविन्द्र जायसवाल ने बताया कि कैंपों में आने वाले लोगों को योजना की पूरी जानकारी दी जा रही है, साथ ही आवेदन प्रक्रिया और जरूरी दस्तावेजों के बारे में भी बताया जा रहा है। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिया कि आवेदन मिलने के एक सप्ताह के भीतर रसोई तक गैस कनेक्शन उपलब्ध कराया जाए।

गैस कंपनी के अधिकारियों ने बताया कि किसी भी समस्या या शिकायत के लिए हेल्पलाइन नंबर 7268071339 और 9454535384 पर संपर्क किया जा सकता है। योजना को लेकर शहरवासियों में उत्साह भी देखा जा रहा है और बड़ी संख्या में लोग कैंप में पहुंचकर आवेदन कर रहे हैं।

Author

thefrontfaceindia@gmail.com

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *