वाराणसी: स्वदेशी जागरण मंच काशी महानगर इकाई की ओर से नदेसर स्थित मंगलम वाटिका में कार्यकर्ता मिलन एवं गुलाब बाड़ी कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में मंच के कार्यकर्ताओं और पदाधिकारियों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया और सांस्कृतिक प्रस्तुतियों का आनंद लिया।

कार्यक्रम के मुख्य अतिथि काशी प्रांत के सहप्रांत कार्यवाह प्रोफेसर राकेश तिवारी ने कार्यकर्ताओं को संबोधित करते हुए कहा कि इस तरह के कार्यकर्ता मिलन कार्यक्रम से संगठन के सदस्यों को नई ऊर्जा मिलती है। उन्होंने कहा कि स्वदेशी भाव जागरण के माध्यम से कार्यकर्ता पूरे वर्ष राष्ट्र निर्माण में सक्रिय भूमिका निभाते हैं।
कार्यक्रम के दौरान सोर्स ग्रुप एंटरटेनमेंट की कलाकार मान्या और रूबी ने राधा-कृष्ण नृत्य की मनमोहक प्रस्तुति देकर उपस्थित लोगों का मन मोह लिया।
इस अवसर पर काशी महानगर संयोजिका कविता मालवीय, प्रोफेसर ज्ञानेंद्र राय, एडवोकेट हरिशंकर पांडे, रीता प्रकाश, क्षेत्रीय सभासद राजेंद्र यादव, मंगल मौर्य सहित कई गणमान्य नागरिक मौजूद रहे।
कार्यक्रम में अतिथियों का स्वागत कवियत्री प्रियंका अग्निहोत्री और प्रोफेसर अनूप मिश्रा ने किया। कार्यक्रम का संयोजन स्वदेशी जागरण मंच के सहसंयोजक प्रेम सिंह और राधेश्याम गुप्ता ने किया, जबकि संचालन हर्षिता ने किया। अंत में रोली दीक्षित ने धन्यवाद ज्ञापन प्रस्तुत किया।
