• Banaras Now, Varanasi
  • March 19, 2026

वाराणसी: शहर में बिजली उपभोक्ताओं को बड़ा झटका लगा है। स्मार्ट मीटर को पूरी तरह प्रीपेड मोड में सक्रिय किए जाने के बाद जिले में 40 हजार से अधिक बिजली कनेक्शन स्वतः कट गए हैं। अब प्रीपेड मोबाइल की तरह बिजली भी बैलेंस खत्म होते ही तुरंत बंद हो जाएगी, जिससे उपभोक्ताओं की परेशानी बढ़ गई है।

जानकारी के अनुसार उत्तर प्रदेश पावर कॉर्पोरेशन लिमिटेड (यूपीपीसीएल) ने 13 मार्च से सभी प्रीपेड स्मार्ट मीटर को पूरी तरह प्रीपेड सिस्टम पर लागू कर दिया है। इसके बाद जिन उपभोक्ताओं के मीटर में बैलेंस नहीं है या बकाया है, उनके कनेक्शन ऑटोमेटिक रूप से डिस्कनेक्ट होने लगे हैं।

मुख्य अभियंता राकेश पांडेय ने बताया कि पिछले दो महीनों से उपभोक्ताओं को कॉल और एसएमएस के जरिए बकाया जमा करने के लिए लगातार सूचित किया जा रहा था, लेकिन बड़ी संख्या में लोगों ने इस पर ध्यान नहीं दिया। इसी कारण अब तक करीब 40 हजार से अधिक स्मार्ट मीटर बंद हो चुके हैं।

बिजली विभाग ने स्पष्ट किया है कि प्रीपेड मीटर को मैन्युअली चालू करने का कोई प्रावधान नहीं है। उपभोक्ताओं को बिजली आपूर्ति बहाल करने के लिए अपने मीटर में तुरंत रिचार्ज कराना होगा।

विभाग का कहना है कि इस नई व्यवस्था का उद्देश्य बिजली बिलिंग को पारदर्शी बनाना और बकाया की समस्या को खत्म करना है, लेकिन अचानक लागू हुई इस व्यवस्था से आम उपभोक्ताओं को दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है।

Author

thefrontfaceindia@gmail.com

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *