वाराणसी: आगामी चैत्र नवरात्र को लेकर नगर निगम ने व्यापक तैयारियां शुरू कर दी हैं। शहर में धार्मिक माहौल बनाए रखने के लिए नवरात्र के दौरान नगर निगम सीमा के भीतर आने वाली सभी मीट, मुर्गा और मछली की दुकानें पूरी तरह बंद रखने का निर्णय लिया गया है।
महापौर की बैठक में लिया गया अहम निर्णय
यह फैसला महापौर अशोक कुमार तिवारी की अध्यक्षता में सिगरा स्थित स्मार्ट सिटी सभागार में आयोजित समीक्षा बैठक में लिया गया। बैठक में नवरात्र के दौरान श्रद्धालुओं की सुविधा और शहर की व्यवस्थाओं को बेहतर बनाने के लिए कई महत्वपूर्ण निर्देश दिए गए।
मंदिरों तक जाने वाले रास्तों की होगी मरम्मत
महापौर ने अधिकारियों को निर्देशित किया कि शहर के प्रमुख देवी मंदिरों तक जाने वाले मार्गों का तत्काल निरीक्षण किया जाए। जहां भी सड़कें खराब हैं, वहां जल्द से जल्द गड्ढों की मरम्मत और पैचवर्क कराया जाए। इसके साथ ही सड़कों के किनारे साफ-सफाई बनाए रखने के लिए नियमित रूप से चूने का छिड़काव करने को भी कहा गया है।
सीवर और पानी की व्यवस्था पर खास जोर
बैठक में जलकल विभाग को निर्देश दिया गया कि नवरात्र के दौरान शहर में कहीं भी सीवर ओवरफ्लो की समस्या न हो और पेयजल आपूर्ति सुचारु बनी रहे।
मंदिर मार्गों पर रोशनी की बेहतर व्यवस्था
आलोक विभाग को मंदिरों से जुड़े सभी मार्गों पर पर्याप्त स्ट्रीट लाइट और प्रकाश व्यवस्था सुनिश्चित करने की जिम्मेदारी सौंपी गई है, ताकि श्रद्धालुओं को किसी प्रकार की असुविधा न हो।
नगर आयुक्त ने दिए समन्वय के निर्देश
नगर आयुक्त हिमांशु नागपाल ने सभी विभागों को आपसी समन्वय के साथ कार्य करने के निर्देश दिए हैं, जिससे नवरात्र के दौरान शहर में व्यवस्थाएं सुचारु रूप से संचालित हो सकें।
