वाराणसी। गंगा नदी के बीच नाव पर आयोजित इफ्तार पार्टी का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद पुलिस ने कार्रवाई करते हुए 14 लोगों को गिरफ्तार कर लिया है। आरोप है कि इफ्तार के दौरान नॉनवेज खाने के बाद उसके अवशेष गंगा में फेंके गए, जिससे मामला विवादों में आ गया।

घटना को लेकर धार्मिक और सामाजिक संगठनों की ओर से भी तीखी प्रतिक्रिया सामने आई है। अंजुमन इंतजामिया मसाजिद, बनारस के संयुक्त सचिव एस.एम. यासीन ने इस कृत्य को निंदनीय बताते हुए कहा कि इफ्तार एक पवित्र धार्मिक प्रक्रिया है और इसे इस तरह आयोजित करना उचित नहीं है।
उन्होंने कहा कि इस्लाम में इफ्तार के बाद तुरंत मग़रिब की नमाज़ अदा करना जरूरी होता है, ऐसे में इस प्रकार की गतिविधियां धर्म की मर्यादाओं के खिलाफ हैं। साथ ही उन्होंने कहा कि इस तरह की घटनाएं समाज और धर्म दोनों की छवि को नुकसान पहुंचाती हैं।
फिलहाल पुलिस पूरे मामले की जांच में जुटी है और आगे की कार्रवाई की जा रही है।
