• Banaras Now, Varanasi
  • March 19, 2026

वाराणसी। शहर में बुधवार को रसोई गैस की किल्लत और बढ़ती महंगाई के विरोध में समाजवादी पार्टी की महिला विंग ने जोरदार प्रदर्शन किया। प्रदेश अध्यक्ष रीबू श्रीवास्तव के नेतृत्व में बड़ी संख्या में महिलाएं खाली गैस सिलेंडर लेकर कलेक्ट्रेट पहुंचीं और सरकार के खिलाफ नारेबाजी की।

प्रदर्शन के दौरान महिलाओं ने सांकेतिक विरोध जताते हुए चूल्हे पर तवा रखकर रोटियां सेंकी। उनका कहना था कि गैस की कमी और बढ़ती कीमतों ने आम घरों की रसोई पर गहरा असर डाला है, जिससे सबसे ज्यादा परेशानी गृहणियों को उठानी पड़ रही है।

कलेक्ट्रेट गेट पर धरना, पुलिस से नोकझोंक

जब प्रदर्शनकारी महिलाओं को डीएम कार्यालय की ओर बढ़ने से रोका गया, तो वे कलेक्ट्रेट गेट पर ही धरने पर बैठ गईं। इस दौरान पुलिस और प्रदर्शनकारियों के बीच हल्की नोकझोंक भी देखने को मिली।

सरकार पर लगाए गंभीर आरोप

सपा नेत्री ने कहा कि जिस शहर के सांसद प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी हैं, वहीं की जनता गैस के लिए परेशान है। उन्होंने कहा कि “जहां देश का मुखिया ही सांसद हो, वहां रसोई पर संकट आना बेहद दुर्भाग्यपूर्ण है।”

महिलाओं ने केंद्र और प्रदेश सरकार पर निशाना साधते हुए कहा कि गैस सिलेंडर की किल्लत और महंगाई ने आम परिवारों का बजट बिगाड़ दिया है। उन्होंने सरकार से गैस आपूर्ति सुनिश्चित करने और कीमतों में राहत देने की मांग की।

मांगों को लेकर प्रशासन को सौंपा संदेश

प्रदर्शनकारियों ने प्रशासन के माध्यम से सरकार तक अपनी मांगें पहुंचाने की बात कही। उन्होंने चेतावनी दी कि यदि जल्द ही समस्या का समाधान नहीं हुआ, तो आंदोलन को और तेज किया जाएगा।

इस प्रदर्शन को लेकर शहर में राजनीतिक हलचल तेज हो गई है और गैस संकट का मुद्दा एक बार फिर चर्चा में आ गया है।

Author

thefrontfaceindia@gmail.com

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *