• Banaras Now, Varanasi
  • July 14, 2026

वाराणसी। काशी के कोतवाल बाबा श्री काल भैरव जी की वर्ष 1954 में निर्मित ऐतिहासिक स्वर्ण-रजत प्रतिमा की भव्य शोभायात्रा आगामी 16 जुलाई 2026, दिन गुरुवार को निकाली जाएगी। प्रातः 7:00 बजे चौखम्भा स्थित काठ की हवेली से इस भव्य यात्रा का शुभारंभ होगा। पराड़कर स्मृति भवन में आयोजित एक पत्रकार वार्ता के दौरान स्वर्णकार क्षत्रिय कमेटी वाराणसी के अध्यक्ष घनश्याम सेठ “बच्चा” ने यह महत्वपूर्ण जानकारी साझा की। उन्होंने पूरी काशी की धर्मपरायण जनता और विशेष रूप से स्वर्ण व्यवसायियों से अपील की है कि वे शोभायात्रा के समय अपने प्रतिष्ठान स्थगित रखकर सपरिवार इसमें शामिल हों और पुण्य के भागीदार बनें।

घुड़सवार, डमरू दल और माँ वैष्णो देवी की झांकी होगी मुख्य आकर्षण

अध्यक्ष घनश्याम सेठ “बच्चा” ने बताया कि इस वर्ष की शोभायात्रा को बेहद अनूठा और भव्य रूप दिया जा रहा है। यात्रा की सुरक्षा और अगुवाई के लिए सबसे आगे पुलिस के घुड़सवार चलेंगे। इसके पीछे ढोल-ताशा, डमरू दल और स्वर्णकार क्षत्रिय कमेटी का मुख्य बैनर होगा। यात्रा में कमेटी के संस्थापक द्वय स्वर्गीय किशुन सेठ जी एवं स्वर्गीय भीखू सिंह जी के चित्रों को फूलों से सुसज्जित कर शामिल किया जाएगा। इस वर्ष आकर्षण का मुख्य केंद्र बिंदु माँ वैष्णो देवी और गोविंदेश्वर महादेव की विशेष झांकियां होंगी। साथ ही, न्यू लाइफ इंवेंट प्लानर के कलाकार नीरज सेठ के नेतृत्व में मधुर भजनों की प्रस्तुति देते हुए चलेंगे। यात्रा में श्रीराम, लक्ष्मण, भरत, शत्रुघ्न व हनुमान जी के जीवंत स्वरूप घोड़ों पर सवार दिखेंगे, जबकि शंकर-पार्वती, राधा-कृष्ण और मां काली की मनमोहक झांकियां भक्तों को मंत्रमुग्ध करेंगी।

पत्रकारवार्ता में शामिल स्वर्णकार क्षत्रिय कमेटी के पदाधिकारी

इन रास्तों से गुजरेगी यात्रा, जगह-जगह होगी पुष्प वर्षा

शोभायात्रा के समापन पर विभिन्न प्रकार के सुगंधित फूलों से सजे रथ पर बाबा काल भैरव जी की दिव्य स्वर्ण-रजत प्रतिमा विराजमान रहेगी, जिसके आगे पारंपरिक शहनाई वादन होगा। कमेटी के महामंत्री राजू वर्मा (बिछिया वाले) ने बताया कि यह शोभायात्रा चौखम्भा स्थित काठ की हवेली से शुरू होकर बीबी हटिया, जतनबर, विशेश्वरगंज, महामृत्युंजय, दारानगर, मैदागिन, बुलानाला, चौक, नारियल बाजार, गोविन्द पुरा, ठठेरी बाज़ार, सोराकुऑ, गोलघर और भुतई इमली होते हुए भैरोनाथ चौराहे पर विश्राम लेगी। पूरे मार्ग में विभिन्न सामाजिक संगठनों और भक्तों द्वारा तोरणद्वार बनाकर बाबा का स्वागत, पूजन-आरती और पुष्प वर्षा की जाएगी। साथ ही संपूर्ण रास्ते में भक्तों के लिए प्रसाद वितरण की व्यवस्था रहेगी।

भव्य श्रृंगार के बाद रात्रि शयन आरती तक होंगे दर्शन

भैरोनाथ चौराहे पर यात्रा के विश्राम के बाद बाबा काल भैरव की इस ऐतिहासिक स्वर्ण-रजत प्रतिमा को गर्भगृह में प्रतिस्थापित किया जाएगा। इसके बाद बाबा का अलौकिक व भव्य श्रृंगार होगा, जिसके दर्शन रात्रि शयन आरती तक अनवरत चलते रहेंगे। सायंकाल के समय आचार्य पंडित जयकृष्ण दीक्षित के सान्निध्य में वैदिक रीति-रिवाज से बसंत पूजा संपन्न कराई जाएगी। इस पावन अवसर पर परंपरा के अनुसार ‘काशी के कोतवाल’ पत्रिका का भी प्रकाशन किया गया है, जिसके संपादन की जिम्मेदारी रविशंकर सिंह, सह-संपादक कमल कुमार सिंह एवं संदीप सेठ ने निभाई है।

सुरक्षा और स्वच्छता के पुख्ता इंतजाम

शोभायात्रा व सांस्कृतिक मंत्री जनार्दन वर्मा “प्रधान” के नेतृत्व में यात्रा के कुशल संचालन के लिए सहयोगियों की एक विशेष टीम गठित की गई है। सुरक्षा व्यवस्था को मजबूत करने के लिए नागरिक सुरक्षा कोतवाली प्रखंड के पोस्ट वार्डेन धर्मेन्द्र गौतम के नेतृत्व में 10 सदस्यीय टीम वॉकी-टॉकी के साथ पूरी यात्रा में मुस्तैद रहेगी। इसके अलावा, नगर आयुक्त को पत्रक सौंपकर शोभायात्रा मार्ग की सड़कों की मरम्मत और मुकम्मल साफ-सफाई सुनिश्चित करने का आग्रह किया गया है। मंदिर परिसर, गर्भगृह और मुख्य रास्तों को रंग-बिरंगी झालरों व आकर्षक फूलों से सजाया जा रहा है। यात्रा के मीडिया प्रभारी का प्रभार डॉ. कैलाश सिंह विकास एवं किशोर कुमार सेठ को सौंपा गया है।

पत्रकार वार्ता में मुख्य रूप से अध्यक्ष घनश्याम सेठ “बच्चा”, महामंत्री राजू वर्मा, कोषाध्यक्ष विक्रम सिंह, जनार्दन वर्मा “प्रधान”, संरक्षक कृष्ण कुमार सेठ “बच्चू जी” व श्याम सुन्दर सिंह, रविशंकर सिंह, डॉ. कैलाश सिंह विकास, किशोर कुमार सेठ, कमल कुमार सिंह, अनुज गौतम “बंटी”, सतीश कुमार सिंह और संदीप सेठ उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *