वाराणसी। जिले में आमतौर पर मनचलों और शोहदों के खिलाफ कार्रवाई करने वाली ‘एंटी रोमियो टीम’ का एक अलग ही रूप देखने को मिला। काशी के सिगरा थाना क्षेत्र में राहगीरों को परेशान करने और सार्वजनिक स्थान पर अश्लील हरकतें करने के आरोप में पुलिस ने पांच महिलाओं को गिरफ्तार किया है। पुलिस आयुक्त के निर्देश पर अपराधियों और असामाजिक तत्वों के खिलाफ चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत यह कार्रवाई की गई है।
पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, काशी जोन के आला अधिकारियों के मार्गदर्शन में सिगरा थाने की एंटी रोमियो टीम को सूचना मिली थी कि कैंट रेलवे स्टेशन के समीप, पिलर नंबर 59 और भारत पेट्रोल पंप के पास कुछ महिलाएं वहां से गुजरने वाले पुरुषों और आम राहगीरों पर अश्लील इशारे कर रही हैं और उन्हें रोककर परेशान कर रही हैं।
सूचना की गंभीरता को देखते हुए प्रभारी निरीक्षक सिगरा के नेतृत्व में टीम तत्काल मौके पर पहुंची। पुलिस ने जब वहां मौजूद स्थानीय लोगों और राहगीरों से पूछताछ की, तो शिकायत पूरी तरह सही पाई गई। इसके बाद टीम ने त्वरित कार्रवाई करते हुए मौके से पांचों महिलाओं को हिरासत में ले लिया।
कानूनी शिकंजे में आरोपी महिलाएं
पकड़ी गई महिलाओं में से चार की उम्र करीब 40 वर्ष और एक की उम्र 27 वर्ष है। पुलिस ने कानूनी गोपनीयता को ध्यान में रखते हुए इनके सांकेतिक नाम शबनम, रबिना, गुड़िया, महेन्द्री और गोल्डी बताए हैं। इन सभी के खिलाफ सिगरा थाने में संबंधित धाराओं के तहत मुकदमा पंजीकृत कर आवश्यक विधिक कार्रवाई की जा रही है।
पुलिस का संदेश: सिगरा पुलिस का कहना है कि एंटी रोमियो टीम का मुख्य उद्देश्य समाज में हर नागरिक को सुरक्षा और सम्मानजनक माहौल प्रदान करना है। सार्वजनिक स्थानों पर अश्लीलता फैलाने या राहगीरों को मानसिक रूप से प्रताड़ित करने वाले किसी भी व्यक्ति को बख्शा नहीं जाएगा, चाहे वह पुरुष हो या महिला।
