• Banaras Now, Varanasi
  • March 19, 2026

आगामी कन्नड़ फिल्म ‘KD: The Devil’ के हिंदी गाने ‘सरके चुनर तेरी सरके’ को लेकर विवाद गहरा गया है। राष्ट्रीय मानवाधिकार आयोग (NHRC) ने गाने के निर्माताओं को नोटिस जारी किया है। इस गाने में नोरा फतेही और संजय दत्त नजर आ रहे हैं।

गाने के बोल और इसकी प्रस्तुति को लेकर सोशल मीडिया पर लगातार आलोचना हो रही थी। कई लोगों ने इसे अश्लील और आपत्तिजनक बताते हुए कड़ी आपत्ति जताई। बढ़ते विवाद के बीच इस गाने का वीडियो यूट्यूब से प्राइवेट कर दिया गया है।

दिल्ली पुलिस में शिकायत दर्ज

इस मामले में एडवोकेट और सामाजिक कार्यकर्ता विनीत जिंदल ने दिल्ली पुलिस की साइबर सेल में शिकायत दर्ज कराई है। शिकायत में नोरा फतेही, संजय दत्त, गीतकार रकीब आलम और फिल्म के निर्देशक प्रेम के खिलाफ कार्रवाई की मांग की गई है।

उन्होंने भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 294 और आईटी एक्ट के तहत FIR दर्ज करने की मांग की है। शिकायत में कहा गया है कि गाने के बोल और प्रस्तुति अश्लील और दोहरे अर्थ वाले हैं, जो सार्वजनिक मर्यादा के खिलाफ हैं।

नाबालिगों पर प्रभाव को लेकर चिंता

शिकायत में यह भी कहा गया है कि यह गाना यूट्यूब पर बिना किसी उम्र सीमा के उपलब्ध था, जिससे नाबालिगों पर गलत प्रभाव पड़ सकता है। गाने में दिखाए गए डांस और लिरिक्स को भी आपत्तिजनक बताया गया है।

इंडस्ट्री से भी उठी आवाज

इस गाने को लेकर म्यूजिक इंडस्ट्री से भी आलोचना सामने आई है। सिंगर अरमान मलिक ने इसे गीत लेखन का “नया निचला स्तर” बताया। वहीं पूर्व क्रिकेटर और राज्यसभा सांसद हरभजन सिंह ने भी इस गाने में काम करने को लेकर कलाकारों की आलोचना की।

फिलहाल इस पूरे मामले ने मनोरंजन जगत में नई बहस छेड़ दी है और सेंसरशिप, कंटेंट की मर्यादा और जिम्मेदारी को लेकर सवाल खड़े कर दिए हैं।

Author

thefrontfaceindia@gmail.com

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *