• Banaras Now, Varanasi
  • March 19, 2026

वाराणसी। प्रदेश सरकार के 9 वर्ष पूरे होने के अवसर पर वाराणसी में आयोजित विकास प्रदर्शनी में स्टाम्प एवं न्यायालय पंजीयन शुल्क राज्य मंत्री (स्वतंत्र प्रभार) रविन्द्र जायसवाल ने सरकार की उपलब्धियों का विस्तृत ब्यौरा प्रस्तुत किया। चौकाघाट स्थित गिरिजा देवी सांस्कृतिक संकुल में आयोजित कार्यक्रम का उद्घाटन करते हुए उन्होंने कहा कि “विकसित भारत, विकसित उत्तर प्रदेश” के संकल्प के साथ राज्य तेजी से विकास के पथ पर आगे बढ़ रहा है।

मंत्री ने बताया कि प्रधानमंत्री के संसदीय क्षेत्र वाराणसी में पिछले 9 वर्षों में 35,156 करोड़ रुपये से अधिक लागत की 486 बड़ी परियोजनाएं पूरी कर आम जनता को समर्पित की गई हैं। वहीं लगभग 17,915 करोड़ रुपये की परियोजनाएं वर्तमान में निर्माणाधीन हैं।

सड़क, सेतु और इंफ्रास्ट्रक्चर में बड़ा निवेश

उन्होंने जानकारी दी कि 22,829 करोड़ रुपये की लागत से 127 सड़क व सेतु परियोजनाएं पूरी की गई हैं, जबकि 5,813 करोड़ रुपये के कार्य प्रगति पर हैं। इसके अलावा 1,529 करोड़ रुपये से रेलवे, एयरपोर्ट और जलमार्ग परियोजनाएं पूरी हुई हैं और 4,934 करोड़ रुपये के कार्य जारी हैं।

स्मार्ट सिटी और शहरी विकास

स्मार्ट सिटी मिशन के तहत 877.65 करोड़ रुपये की 34 परियोजनाएं पूरी की गई हैं। इनमें इंटीग्रेटेड कमांड कंट्रोल सेंटर, 720 स्थानों पर सीसीटीवी, सिगरा स्पोर्ट्स कॉम्प्लेक्स, टाउनहॉल शॉपिंग कॉम्प्लेक्स और मल्टीलेवल पार्किंग जैसे प्रोजेक्ट शामिल हैं।

स्वास्थ्य, शिक्षा और बिजली क्षेत्र में सुधार

मंत्री ने बताया कि स्वास्थ्य क्षेत्र में 1,870 करोड़ रुपये से 43 परियोजनाएं पूरी की गई हैं, जिनमें कैंसर संस्थान और सुपर स्पेशियलिटी अस्पताल शामिल हैं। वहीं शिक्षा क्षेत्र में 512 करोड़ रुपये की 32 परियोजनाएं पूरी हुई हैं।

विद्युत सुधार के तहत 1,100 करोड़ रुपये की लागत से शहरी विद्युत व्यवस्था सुदृढ़ की गई है और हजारों गांवों में विद्युतीकरण किया गया है।

पर्यटन और खेल को बढ़ावा

पर्यटन विकास के लिए 721 करोड़ रुपये की 30 परियोजनाएं पूरी की गई हैं, जिनमें श्री काशी विश्वनाथ कॉरिडोर, नमो घाट और सारनाथ विकास कार्य प्रमुख हैं। वहीं खेल सुविधाओं के लिए भी कई स्टेडियम और शूटिंग रेंज विकसित किए गए हैं।

नई योजनाएं और प्रस्ताव

मंत्री ने बताया कि गंजारी में अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट स्टेडियम के पास 100-150 एकड़ में स्पोर्ट्स सिटी टाउनशिप विकसित करने की योजना है। साथ ही ट्रांसपोर्ट नगर और एकीकृत मंडलीय कार्यालय परिसर (ICCC) के निर्माण का प्रस्ताव भी है।

जनकल्याण योजनाओं का लाभ

उन्होंने बताया कि प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि, आवास योजना, आयुष्मान भारत, उज्ज्वला योजना और स्वनिधि योजना सहित कई योजनाओं से लाखों लोगों को लाभ मिला है।

कार्यक्रम में जिला पंचायत अध्यक्ष पूनम मौर्या, एमएलसी धर्मेंद्र राय, एमएलसी हंसराज विश्वकर्मा, विधायक डॉ अवधेश सिंह सहित कई जनप्रतिनिधि और अधिकारी मौजूद रहे।

मंत्री ने कहा कि इन सभी प्रयासों के परिणामस्वरूप वाराणसी का जीडीपी वर्ष 2017 के 22,586 करोड़ रुपये से बढ़कर 51,036 करोड़ रुपये हो गया है, जो विकास की गति को दर्शाता है।

Author

thefrontfaceindia@gmail.com

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *