• Banaras Now, Varanasi
  • March 19, 2026

वाराणसी। धर्म और संस्कृति की नगरी काशी में पर्यटन को एक नई ऊंचाई देने के उद्देश्य से उत्तर प्रदेश पर्यटन विभाग ने गुरुवार को एक अनूठी पहल की है। चैत्र नवरात्रि के पावन प्रथम दिवस के अवसर पर श्री काशी विश्वनाथ मंदिर की दिव्य ‘मंगला आरती’ के साथ प्रथम काशी हेरिटेज वॉक का औपचारिक शुभारंभ किया गया। इस योजना के माध्यम से अब देश-दुनिया से आने वाले पर्यटक और श्रद्धालु काशी की प्राचीन परंपराओं, इतिहास और अध्यात्म को बेहद करीब से महसूस कर सकेंगे।

प्रशासन द्वारा काशी की विविधता को देखते हुए तीन विशिष्ट रूट तैयार किए गए हैं। इनमें दिव्य काशी हेरिटेज वॉक’ और असि काशी हेरिटेज वॉक’ की शुरुआत तड़के 02:20 बजे श्री काशी विश्वनाथ मंदिर के चौक गेट नंबर-04 से होगी। इसके अतिरिक्त, जो लोग शाम के समय काशी की जीवंतता देखना चाहते हैं, उनके लिए ओल्ड काशी हेरिटेज वॉक’ का संचालन अपराह्न 04:00 बजे राजेंद्र प्रसाद घाट से किया जाएगा। ये वॉक प्रतिदिन आयोजित की जाएंगी, जिसमें हर स्लॉट में 30 से 40 पर्यटकों को शामिल होने का अवसर मिलेगा।

यह पहल केवल एक भ्रमण मात्र नहीं है, बल्कि काशी की आध्यात्मिक धरोहर, लोक संस्कृति और सदियों पुराने इतिहास को पर्यटकों के सामने जीवंत रूप में प्रस्तुत करने का एक सूक्ष्म प्रयास है। इन यात्राओं के दौरान प्रशिक्षित गाइड पर्यटकों को घाटों, मंदिरों और गलियों की कहानियों से रूबरू कराएंगे। विभाग का मानना है कि इससे न केवल पर्यटन को गति मिलेगी, बल्कि स्थानीय कला और संस्कृति को भी वैश्विक पहचान मिलेगी।

इच्छुक श्रद्धालु और पर्यटक इन हेरिटेज वॉक के साथ-साथ ‘काशी दर्शन बस सेवा’ का विवरण और टिकट बुकिंग ऑनलाइन माध्यम से कर सकते हैं। इसके लिए श्री काशी विश्वनाथ मंदिर की आधिकारिक वेबसाइट (www.shrikashivishwanath.org) और पर्यटन विभाग की सहयोगी साइट (www.taindia.in) पर व्यवस्था सुनिश्चित की गई है। नवरात्रि के शुभ अवसर पर शुरू हुई यह सेवा काशी आने वाले हर यात्री के लिए एक यादगार अनुभव साबित होने वाली है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *