• Banaras Now, Varanasi
  • April 20, 2026

वाराणसी। बाबतपुर स्थित लाल बहादुर शास्त्री अंतर्राष्ट्रीय हवाई अड्डे पर रविवार दोपहर सुरक्षा एजेंसियों ने एक बड़ी कार्रवाई करते हुए वन्यजीव तस्करी के संदेह में एक विदेशी नागरिक को हिरासत में लिया। केंद्रीय औद्योगिक सुरक्षा बल (CISF) की सतर्कता के चलते यह मामला सामने आया, जब नियमित जांच के दौरान संदिग्ध सामान स्कैनर में दिखाई दिया।

जानकारी के अनुसार, पकड़ा गया यात्री दमित्री ब्रेकिन एयर इंडिया एक्सप्रेस की फ्लाइट (IX-215) से वाराणसी से बैंकॉक जाने की तैयारी में था। निर्धारित समय के अनुसार यह फ्लाइट दोपहर 12:35 बजे वाराणसी से उड़ान भरकर शाम 6:05 बजे बैंकॉक पहुंचने वाली थी। उड़ान से पहले सभी यात्रियों के दस्तावेज और सामान की जांच की जा रही थी, तभी CISF कर्मियों को एक बैग पर शक हुआ।

जब संदिग्ध बैग की गहन तलाशी ली गई, तो उसके अंदर से बारहसिंगा का सींग बरामद हुआ। इस खोज के बाद एयरपोर्ट परिसर में हड़कंप मच गया और तत्काल यात्री को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू कर दी गई। प्राथमिक जांच में यह स्पष्ट हुआ कि बरामद किया गया सींग प्रतिबंधित वन्यजीव श्रेणी में आता है, जिसके परिवहन और व्यापार पर सख्त रोक है।

घटना की जानकारी मिलते ही CISF ने स्थानीय पुलिस और वन विभाग के अधिकारियों को मौके पर बुलाया। वन विभाग की टीम ने मौके पर पहुंचकर सींग को अपने कब्जे में ले लिया है। अधिकारियों के मुताबिक, वन्यजीव संरक्षण अधिनियम के तहत इस तरह के अंगों की तस्करी गंभीर अपराध की श्रेणी में आती है, जिसके लिए कड़ी सजा का प्रावधान है।

फिलहाल सुरक्षा एजेंसियां यह पता लगाने में जुटी हैं कि विदेशी यात्री के पास यह प्रतिबंधित वस्तु कहां से आई और क्या इसके पीछे कोई संगठित अंतरराष्ट्रीय गिरोह सक्रिय है। जांच एजेंसियां इस पहलू को भी खंगाल रही हैं कि क्या वाराणसी या आसपास के क्षेत्रों से वन्यजीवों के अंगों की तस्करी का कोई नेटवर्क संचालित हो रहा है।

फूलपुर थाना प्रभारी अतुल कुमार सिंह ने बताया कि हिरासत में लिए गए यात्री से गहन पूछताछ की जा रही है। साथ ही वन विभाग के अधिकारी भी जांच में जुटे हुए हैं और आगे की कानूनी कार्रवाई उन्हीं के दिशा-निर्देश में की जाएगी। प्रभागीय वन अधिकारी स्वाति श्रीवास्तव ने बताया कि बारहसिंगा के सींग जैसी कोई वस्तु बरामद हुई है। अभी इसकी जांच की जा रही है, जांच के बाद जो भी तथ्य सामने आएंगे, उसके आधार पर कार्रवाई की जाएगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *