• Banaras Now, Varanasi
  • April 18, 2026
Codeine Cough Syrup Case

वाराणसी। कोडीन युक्त कफ सिरप की अवैध तस्करी के मामले में फरार चल रहे आरोपी प्रशांत उपाध्याय उर्फ लड्डू के खिलाफ पुलिस ने सख्त कार्रवाई तेज कर दी है। लंबे समय से गिरफ्तारी से बच रहे आरोपी पर अब कानून का शिकंजा कसता नजर आ रहा है।

महमूरगंज स्थित आवास पर पहुंची पुलिस

कोतवाली थाना क्षेत्र की पुलिस टीम आरोपी के मड़ौली/महमूरगंज स्थित घर पहुंची, जहां भारी पुलिस बल की मौजूदगी में कानूनी प्रक्रिया पूरी की गई। इस दौरान भारतीय नागरिक सुरक्षा संहिता (BNSS) की धारा 84 के तहत उद्घोषणा करते हुए डुगडुगी बजाकर मुनादी कराई गई।

30 मार्च तक कोर्ट में पेश होने का आदेश

पुलिस ने आरोपी के घर पर नोटिस चस्पा करते हुए उसे 30 मार्च तक न्यायालय में उपस्थित होने का निर्देश दिया है। साथ ही यह भी स्पष्ट किया गया कि यदि निर्धारित समय सीमा के भीतर आरोपी हाजिर नहीं होता है, तो उसके खिलाफ आगे की कठोर कार्रवाई की जाएगी।

NBW जारी, कुर्की की तैयारी

पुलिस के अनुसार आरोपी के खिलाफ पहले ही Non-Bailable Warrant (NBW) जारी किया जा चुका है। ऐसे में यदि वह अब भी पेश नहीं होता है, तो उसकी संपत्ति कुर्क करने की प्रक्रिया शुरू की जा सकती है।

क्या है मामला?

यह पूरा प्रकरण प्रतिबंधित कोडीन युक्त कफ सिरप की अवैध तस्करी और बिक्री से जुड़ा है, जिसमें प्रशांत उपाध्याय मुख्य आरोपियों में शामिल है। पुलिस लगातार उसकी तलाश में दबिश दे रही है, लेकिन वह अब तक फरार है।

पुलिस की सख्ती जारी

पुलिस अधिकारियों का कहना है कि आरोपी की गिरफ्तारी के लिए लगातार प्रयास किए जा रहे हैं और उसे जल्द ही पकड़ लिया जाएगा। साथ ही कानून से बचने की कोशिश करने वालों के खिलाफ इसी तरह सख्त कार्रवाई आगे भी जारी रहेगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *