• Banaras Now, Varanasi
  • April 18, 2026
Varanasi weather update

वाराणसी। जिले में शुक्रवार शाम अचानक मौसम ने करवट ली और हल्की आंधी के साथ करीब 5 मिलीमीटर बारिश दर्ज की गई। महज आधे घंटे में हुई इस बारिश ने पूरे शहर के मौसम का मिजाज बदल दिया। यह मार्च महीने में इस साल की दूसरी बेमौसम बारिश मानी जा रही है।

बारिश के साथ तेज हवाएं और बिजली चमकने की घटनाएं भी देखी गईं। करीब 25 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से चली हवाओं के कारण तापमान में तेज गिरावट दर्ज की गई। शाम 6 बजे तक जहां तापमान लगभग 30 डिग्री सेल्सियस था, वहीं बारिश के बाद रात 8 बजे तक यह गिरकर करीब 23 डिग्री सेल्सियस पर पहुंच गया।

मौसम विभाग के अनुसार, शुक्रवार को अधिकतम तापमान 37.3 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जो सामान्य से 1.1 डिग्री अधिक रहा। वहीं न्यूनतम तापमान 21 डिग्री सेल्सियस रहा, जो सामान्य से करीब 2 डिग्री ज्यादा था।

शहर के अलग-अलग हिस्सों में बारिश का असर अलग-अलग रहा। मंडुवाडीह, ककरमत्ता, बरेका, कैंट और लहरतारा क्षेत्रों में तेज बारिश हुई, जबकि भेलूपुर, चौबेपुर, रोहनिया, चोलापुर और राजातालाब इलाकों में तेज हवाओं के साथ हल्की बूंदाबांदी देखने को मिली।

किसानों की बढ़ी चिंता

अचानक आई आंधी और बारिश ने किसानों की चिंता बढ़ा दी है। जिन खेतों में गेहूं की फसल कटने के लिए तैयार थी, वहां कटाई और मड़ाई का काम प्रभावित हुआ। वहीं जिन किसानों ने पहले से गेहूं काटकर बाहर रखा था, उन्हें फसल को सुरक्षित रखने के लिए काफी मशक्कत करनी पड़ी।

धूल भरी आंधी से परेशानी

तेज हवाओं के कारण कई इलाकों में धूल और मिट्टी भी उड़ती नजर आई, जिससे लोगों को असुविधा का सामना करना पड़ा। हालांकि राहत की बात यह रही कि बारिश ज्यादा देर तक नहीं चली और लगभग आधे घंटे में थम गई।

आगे के मौसम का पूर्वानुमान

बाबतपुर स्थित मौसम केंद्र के अनुसार, अगले एक-दो दिनों में बारिश की संभावना कम है। हालांकि, मौसम विभाग ने संकेत दिए हैं कि पश्चिमी विक्षोभ के प्रभाव से आने वाले दिनों में फिर से मौसम बदल सकता है।

यूपी आंचलिक मौसम विज्ञान केंद्र के वरिष्ठ वैज्ञानिक डॉ. अतुल कुमार सिंह के अनुसार, 31 मार्च और 1 अप्रैल के आसपास फिर से बारिश होने की संभावना बन रही है, जिससे तापमान में 2 से 4 डिग्री तक की और गिरावट हो सकती है।

तेज तूफान और बिजली गिरने की चेतावनी

राष्ट्रीय आपदा प्रबंधन की ओर से चेतावनी जारी की गई है कि जिले के कुछ हिस्सों में आने वाले समय में बिजली गिरने और तेज आंधी की आशंका है। हवाओं की गति 60 किलोमीटर प्रति घंटे तक पहुंच सकती है। ऐसे में लोगों को सतर्क रहने की सलाह दी गई है।

इस अचानक बदले मौसम ने जहां गर्मी से राहत दी है, वहीं किसानों और आम जनजीवन के लिए नई चुनौतियां भी खड़ी कर दी हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *