नई दिल्ली: राजधानी दिल्ली में सुरक्षा एजेंसियों ने बड़ी कार्रवाई करते हुए लश्कर-ए-तैयबा (LeT) से जुड़े संदिग्ध आतंकी शब्बीर अहमद लोन को दिल्ली बॉर्डर से गिरफ्तार किया है। शुरुआती जांच में खुलासा हुआ है कि वह बांग्लादेश में रहकर भारत विरोधी गतिविधियों को संचालित कर रहा था।
पुलिस के अनुसार, आरोपी दिल्ली, कोलकाता और तमिलनाडु में आतंकी मॉड्यूल तैयार करने और युवाओं की भर्ती करने की योजना बना रहा था। यह नेटवर्क पाकिस्तान की खुफिया एजेंसी ISI के निर्देश पर काम कर रहा था।
पहले भी हो चुका है गिरफ्तार
शब्बीर अहमद लोन को इससे पहले वर्ष 2007 में दिल्ली पुलिस ने आतंकवाद से जुड़े मामलों में गिरफ्तार किया था। बाद में 2019 में जमानत मिलने के बाद वह बांग्लादेश भाग गया था, जहां से वह अपने नेटवर्क को सक्रिय कर रहा था।
कश्मीर में भी हुई थी कार्रवाई
26 मार्च को काउंटर इंटेलिजेंस कश्मीर (CIK) ने लोन से जुड़े नेटवर्क की जांच के दौरान गांदरबल, शोपियां और श्रीनगर में 10 ठिकानों पर छापेमारी की थी। जांच में पता चला कि इस मॉड्यूल को बांग्लादेश और पाकिस्तान में बैठे हैंडलर्स से निर्देश मिल रहे थे।
पोस्टर केस से हुआ खुलासा
इस पूरे नेटवर्क का खुलासा फरवरी में दिल्ली के कश्मीरी गेट इलाके में लगे देश विरोधी पोस्टरों से हुआ। पुलिस ने जांच के दौरान पोस्टर लगाने वाले दो आरोपियों को कोलकाता से गिरफ्तार किया।
पूछताछ में आरोपियों ने कबूल किया कि वे शब्बीर अहमद लोन के इशारे पर काम कर रहे थे। इसके बाद सुरक्षा एजेंसियों ने कोलकाता और तमिलनाडु में छापेमारी कर एक बांग्लादेशी समेत कुल 8 संदिग्धों को गिरफ्तार किया।
बरामदगी और जांच
गिरफ्तार आरोपियों के पास से 12 मोबाइल फोन और 16 सिम कार्ड बरामद किए गए हैं। तमिलनाडु से पकड़े गए 6 संदिग्धों पर शहरों की रेकी करने और आतंकी गतिविधियों में सहयोग करने का आरोप है। सुरक्षा एजेंसियां पिछले दो महीनों से आरोपी की गतिविधियों पर नजर रखे हुए थीं। फिलहाल उससे पूछताछ जारी है और पूरे नेटवर्क की जांच की जा रही है।
