• Banaras Now, Varanasi
  • August 28, 2026

वाराणसी: नगर निगम ने जलकर और सीवर कर के बकायेदारों के खिलाफ सख्त रुख अपनाते हुए स्पष्ट कर दिया है कि सरचार्ज (ब्याज) माफी का लाभ लेने के लिए 31 मार्च अंतिम तारीख है। इसके बाद अप्रैल से बकाया न चुकाने वालों के खिलाफ कुर्की और जब्ती की कार्रवाई तेज की जाएगी।

अवकाश के दिन भी रिकॉर्ड वसूली

रविवार को छुट्टी के बावजूद जोनल कार्यालयों में भारी भीड़ देखने को मिली। करीब 2500 से अधिक भवन स्वामियों ने कुल 2.35 करोड़ रुपये का गृहकर, जलकर और सीवर कर जमा किया।

नगर आयुक्त हिमांशु नागपाल ने साफ किया कि तय समय सीमा के बाद किसी भी हाल में सरचार्ज में छूट नहीं दी जाएगी।

ऑनलाइन भुगतान में बढ़ोतरी

डिजिटल सुविधा के बढ़ने से टैक्स भुगतान के तरीके में बदलाव आया है। रविवार को जमा कुल राशि का लगभग 40% हिस्सा ऑनलाइन माध्यम से प्राप्त हुआ। नगर निगम की वेबसाइट के जरिए लोग घर बैठे टैक्स जमा कर रहे हैं, जिससे लंबी कतारों से राहत मिल रही है।

रात 9 बजे तक खुलेंगे काउंटर

जनता की सुविधा को ध्यान में रखते हुए 31 मार्च तक सभी जोनल टैक्स कलेक्शन सेंटर रात 9 बजे तक खुले रहेंगे। साथ ही अधिकारियों को बकायेदारों की सूची तैयार कर आगे की कार्रवाई शुरू करने के निर्देश दिए गए हैं।

लाइसेंस शुल्क पर सख्ती

नगर निगम ने दुकानों के किराये और लाइसेंस शुल्क में देरी पर सख्त रुख अपनाया है। अब तय समय के बाद भुगतान करने पर 50% तक जुर्माना लगाया जाएगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *