• Banaras Now, Varanasi
  • April 22, 2026

वाराणसी। बिजली व्यवस्था को आधुनिक और पारदर्शी बनाने के लिए पूर्वांचल विद्युत वितरण निगम लिमिटेड (PVVNL) ने स्मार्ट प्रीपेड मीटर योजना को तेजी से लागू करना शुरू कर दिया है। आरडीएसएस योजना के तहत उपभोक्ताओं के पुराने मीटरों को मुफ्त में स्मार्ट मीटर से बदला जा रहा है।

1.74 लाख से अधिक स्मार्ट मीटर लगाए गए

जनपद वाराणसी में अब तक 1,74,569 स्मार्ट प्रीपेड मीटर लगाए जा चुके हैं। पूरे पूर्वांचल क्षेत्र में लाखों उपभोक्ताओं तक इस योजना का विस्तार किया जा रहा है, जिससे बिजली उपभोग और बिलिंग प्रणाली को अधिक पारदर्शी बनाया जा सके।

रिचार्ज पर 2% की छूट

स्मार्ट मीटर उपभोक्ताओं को प्रीपेड रिचार्ज करने पर बिजली दरों में 2% की विशेष छूट दी जा रही है। उपभोक्ता UPPCL स्मार्ट ऐप, वेबसाइट और Paytm, Google Pay जैसे प्लेटफॉर्म के जरिए आसानी से रिचार्ज कर सकते हैं।

3 दिन का अतिरिक्त समय, तुरंत बहाल होगी बिजली

यदि उपभोक्ता का बैलेंस खत्म हो जाता है, तो बिजली काटने से पहले 3 दिन का अतिरिक्त समय दिया जाएगा। वहीं, रिचार्ज करने के 2 घंटे के भीतर बिजली आपूर्ति बहाल कर दी जाएगी।

नो-डिस्कनेक्ट जोन की सुविधा

उपभोक्ताओं को राहत देने के लिए नो-डिस्कनेक्ट जोन भी तय किए गए हैं। इसके तहत शाम 6 बजे से सुबह 8 बजे तक, रविवार और राजपत्रित अवकाश के दिन बिजली आपूर्ति बाधित नहीं की जाएगी।

सुरक्षा धनराशि का समायोजन

पुराने मीटर के दौरान जमा की गई सुरक्षा राशि को या तो बकाया बिल में समायोजित किया जाएगा या फिर सीधे प्रीपेड बैलेंस में जोड़ दिया जाएगा।

रियल टाइम मॉनिटरिंग और अलर्ट

स्मार्ट मीटर के जरिए उपभोक्ता अपनी बिजली खपत की जानकारी रियल टाइम में देख सकेंगे। इसके साथ ही SMS और WhatsApp के जरिए बैलेंस और उपयोग की जानकारी भी मिलती रहेगी।

ऊर्जा दक्षता की ओर बड़ा कदम

विद्युत निगम का कहना है कि यह योजना उपभोक्ताओं को सशक्त बनाने के साथ-साथ बिजली व्यवस्था को अधिक जवाबदेह और पारदर्शी बनाएगी। साथ ही यह उत्तर प्रदेश को “स्मार्ट प्रदेश” बनाने की दिशा में एक अहम पहल साबित होगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *