• Banaras Now, Varanasi
  • April 19, 2026

नालंदा। बिहार के नालंदा जिले में मंगलवार सुबह एक दर्दनाक हादसा हो गया, जहां शीतला मंदिर में भगदड़ मचने से कम से कम 8 महिला श्रद्धालुओं की मौत हो गई, जबकि 10 से 12 लोग घायल हो गए। घायलों को तुरंत इलाज के लिए सदर अस्पताल भेजा गया है।

यह घटना दीपनगर थाना क्षेत्र के मघड़ा स्थित शीतला मंदिर की बताई जा रही है। प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, मंदिर में अत्यधिक भीड़ और पर्याप्त सुरक्षा व्यवस्था न होने के कारण यह हादसा हुआ।

हर मंगलवार उमड़ती है भारी भीड़

बताया जाता है कि शीतला मंदिर में हर मंगलवार को हजारों की संख्या में श्रद्धालु पूजा-अर्चना के लिए पहुंचते हैं। आज भी बड़ी संख्या में लोग मंदिर पहुंचे थे। इसी दौरान अचानक भगदड़ मच गई, जिससे यह बड़ा हादसा हो गया। हालांकि, भगदड़ कैसे मची, इसका स्पष्ट कारण अभी सामने नहीं आया है।

राहत और बचाव कार्य जारी

घटना की सूचना मिलते ही प्रशासन और पुलिस मौके पर पहुंच गई। कई एंबुलेंसों की मदद से घायलों को अस्पताल पहुंचाया गया। मंदिर परिसर को खाली करा दिया गया है और इलाके में भारी पुलिस बल तैनात कर दिया गया है।

प्रशासनिक पुष्टि का इंतजार

फिलहाल मृतकों की संख्या को लेकर प्रशासन की ओर से आधिकारिक पुष्टि नहीं की गई है। आशंका जताई जा रही है कि मृतकों की संख्या बढ़ सकती है। घटना के बाद पूरे इलाके में अफरा-तफरी का माहौल है।

बड़े कार्यक्रम के बीच सुरक्षा पर उठे सवाल

जानकारी के अनुसार, आज नालंदा विश्वविद्यालय में दीक्षांत समारोह का आयोजन भी होना है, जिसमें राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू और मुख्यमंत्री नीतीश कुमार के शामिल होने की संभावना है। ऐसे में मंदिर में सुरक्षा व्यवस्था को लेकर सवाल उठ रहे हैं कि कहीं प्रशासन की लापरवाही तो इस हादसे का कारण नहीं बनी।

फिलहाल प्रशासन पूरे मामले की जांच में जुट गया है और यह पता लगाने की कोशिश की जा रही है कि भगदड़ किन परिस्थितियों में मची।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *