वाराणसी: शहर के उदय प्रताप कॉलेज में बुधवार को छात्रों का विरोध प्रदर्शन अलग अंदाज में देखने को मिला। प्राचार्य के खिलाफ नाराजगी जाहिर करते हुए कई छात्रों ने धरनास्थल पर ही अपना सिर मुंडवाकर विरोध दर्ज कराया। स्थिति को नियंत्रित रखने के लिए कॉलेज परिसर में भारी पुलिस बल तैनात किया गया, वहीं अधिकारी भी मौके पर पहुंचकर हालात पर नजर बनाए रहे।
बताया जा रहा है कि 20 मार्च को कॉलेज परिसर में छात्र सूर्य प्रताप सिंह की दिनदहाड़े हत्या कर दी गई थी। इस मामले में मुख्य आरोपी मंजीत चौहान को घटना के दिन ही गिरफ्तार कर लिया गया था, जबकि दूसरे आरोपी अनुज ने बाद में कोर्ट में आत्मसमर्पण किया।

घटना के बाद से छात्र लगातार आंदोलन कर रहे हैं और कॉलेज प्रशासन, खासकर प्राचार्य के खिलाफ कार्रवाई की मांग कर रहे हैं। छात्रों का कहना है कि घटना के वक्त बड़ी संख्या में छात्र मौजूद थे और पूरी वारदात सीसीटीवी में रिकॉर्ड हुई, इसके बावजूद अब तक संतोषजनक कार्रवाई नहीं की गई।
प्रदर्शन कर रहे छात्रों की मांग है कि मुख्य आरोपी को कड़ी से कड़ी सजा दी जाए। इसके साथ ही वे प्राचार्य की भूमिका की निष्पक्ष जांच कर उनके खिलाफ एफआईआर दर्ज करने और उन्हें पद से हटाने की मांग कर रहे हैं। छात्रों ने साफ कर दिया है कि जब तक उनकी मांगें पूरी नहीं होंगी, उनका आंदोलन जारी रहेगा।
