वाराणसी। उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री Yogi Adityanath शुक्रवार को दो दिवसीय काशी दौरे पर पहुंचेंगे। अपने प्रवास के दौरान वे कई कार्यक्रमों में भाग लेंगे और धार्मिक स्थलों पर दर्शन-पूजन भी करेंगे।
निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार, मुख्यमंत्री शाम लगभग सवा पांच बजे बाबतपुर स्थित लाल बहादुर शास्त्री अंतरराष्ट्रीय एयरपोर्ट पर उतरेंगे। इसके बाद वे सर्किट हाउस जाएंगे, जहां भाजपा के वरिष्ठ नेताओं और जनप्रतिनिधियों से मुलाकात करेंगे। शाम करीब सात बजे वे BLW स्थित इंटर कॉलेज मैदान में आयोजित सम्राट विक्रमादित्य के जीवन पर आधारित भव्य नाट्य प्रस्तुति में शामिल होंगे।
कार्यक्रम समाप्त होने के बाद मुख्यमंत्री सर्किट हाउस लौटकर रात्रि विश्राम करेंगे। अगले दिन सुबह वे काशी के कोतवाल माने जाने वाले काल भैरव तथा काशी विश्वनाथ मंदिर में दर्शन-पूजन करेंगे। इसके पश्चात सर्किट हाउस में कुछ चुनिंदा लोगों से मुलाकात का कार्यक्रम है।
इसके बाद मुख्यमंत्री सुबह लगभग साढ़े नौ बजे पुलिस लाइन से हेलीकॉप्टर द्वारा लखनऊ के लिए रवाना हो जाएंगे।
मुख्यमंत्री के आगमन को लेकर प्रशासन और पुलिस विभाग पूरी तरह सक्रिय हैं। गुरुवार को अधिकारियों ने तैयारियों की समीक्षा की और सुरक्षा, साफ-सफाई व प्रकाश व्यवस्था को लेकर आवश्यक निर्देश दिए। बाबतपुर एयरपोर्ट से बीएलडब्ल्यू तक के मार्ग का निरीक्षण कर व्यवस्थाओं को दुरुस्त किया गया। साथ ही संभावित निरीक्षण को ध्यान में रखते हुए विभिन्न परियोजनाओं की स्थिति रिपोर्ट भी तैयार की गई है। जिलाधिकारी ने देर शाम अधिकारियों के साथ बैठक कर सभी जिम्मेदारियों को स्पष्ट करते हुए जरूरी दिशा-निर्देश जारी किए।
