चंदौली। जिले में स्वच्छता पखवाड़ा कार्यक्रम के तहत स्कूलों और कॉलेजों में जनजागरूकता अभियान तेज़ी से चलाया जा रहा है। इसी क्रम में जयपुरिया स्कूल, डांडी (नियामताबाद ब्लॉक) में जिला गंगा समिति, चंदौली द्वारा विशेष कार्यक्रम आयोजित किया गया।
यह कार्यक्रम जिलाधिकारी चंद्र मोहन गर्ग के निर्देशन और प्रभागीय वनाधिकारी बी. शिव शंकर के संयोजन में आयोजित हुआ, जिसमें जिला परियोजना अधिकारी (नमामि गंगे) दर्शन निषाद ने छात्रों को गंगा स्वच्छता एवं पर्यावरण संरक्षण की शपथ दिलाई।

छात्रों को पर्यावरण संरक्षण के लिए किया प्रेरित
कार्यक्रम के मुख्य अतिथि डॉ. ओ.पी. सिंह (प्रदेश प्रवक्ता, नीमा एवं सह संयोजक, चिकित्सा प्रकोष्ठ भाजपा) ने छात्रों को संबोधित करते हुए कहा कि गंगा केवल एक नदी नहीं, बल्कि भारत की आत्मा है। इसे स्वच्छ रखना हर नागरिक का धार्मिक, सामाजिक और नैतिक दायित्व है।
उन्होंने कहा कि गंगा सफाई अभियान भविष्य की पीढ़ियों के लिए स्वच्छ जल और बेहतर पर्यावरण सुनिश्चित करने की दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल है।
गंगा जल की विशेषताओं पर डाली रोशनी
कार्यक्रम में बताया गया कि गंगा जल में मौजूद बैक्टीरियोफेज (Bacteriophages) जैसे सूक्ष्म तत्व हानिकारक बैक्टीरिया को नष्ट करते हैं, जिससे पानी अपेक्षाकृत लंबे समय तक खराब नहीं होता। इसके अलावा गंगाजल में ऑक्सीजन की मात्रा अधिक और गंधक (सल्फर) की उपस्थिति भी इसे संरक्षित बनाए रखने में सहायक होती है।
छात्रों को यह भी जागरूक किया गया कि गंगा में निर्माल्य (पूजन सामग्री) नहीं फेंकनी चाहिए, क्योंकि इससे जल प्रदूषण बढ़ता है।
प्रश्नोत्तरी प्रतियोगिता में छात्रों ने दिखाई प्रतिभा
कार्यक्रम के दौरान राष्ट्रीय नदी गंगा और राष्ट्रीय जलीय जीव डॉल्फिन विषय पर प्रश्नोत्तरी प्रतियोगिता आयोजित की गई। सही उत्तर देने वाले छात्र-छात्राओं—अन्वी सिंह, अर्नव और आराध्या—को प्रमाण पत्र, टी-शर्ट और पुरस्कार देकर सम्मानित किया गया।
अतिथियों का किया गया सम्मान
विद्यालय के प्रधानाचार्य विनोद कुमार दास एवं अन्य शिक्षकों ने मुख्य अतिथि और आयोजकों को अंगवस्त्र और स्मृति चिन्ह देकर सम्मानित किया। कार्यक्रम का समापन गायत्री मंत्र और राष्ट्रीय गीत के साथ हुआ।
जनभागीदारी से ही संभव होगा संरक्षण
कार्यक्रम में यह संदेश दिया गया कि गंगा सहित सभी नदियों का संरक्षण तभी संभव है, जब इसमें जनभागीदारी सुनिश्चित हो। स्वच्छ जल और स्वस्थ पर्यावरण के लिए सभी को मिलकर जिम्मेदारी निभानी होगी।
