वाराणसी। एलपीजी गैस की कमी के बीच शहर में अवैध भंडारण और ब्लैक मार्केटिंग का बड़ा मामला सामने आया है। कैंट थाना पुलिस ने चौकाघाट क्षेत्र स्थित एक बंद पेट्रोल पंप की बिल्डिंग में छापेमारी कर 200 से अधिक भरे हुए कमर्शियल गैस सिलेंडर बरामद किए हैं। इस कार्रवाई के बाद इलाके में हड़कंप मच गया।
बंद पेट्रोल पंप बना अवैध गोदाम
पुलिस के अनुसार, गैस सिलेंडरों को एक बंद पड़े पेट्रोल पंप की बिल्डिंग में छिपाकर रखा गया था। सूचना मिलने पर कैंट पुलिस ने मौके पर पहुंचकर छापा मारा, जहां भारी मात्रा में भरे हुए सिलेंडर मिले। फिलहाल सभी सिलेंडरों की गिनती कराई जा रही है और मौके पर मौजूद लोगों से पूछताछ की जा रही है।
मिर्जापुर की गैस एजेंसी का सामने आया नाम
प्रारंभिक जांच में पता चला है कि यह सिलेंडर मिर्जापुर के अदलहाट स्थित सनराइज गैस एजेंसी से जुड़े हैं। आरोप है कि एजेंसी संचालकों द्वारा इन सिलेंडरों को अवैध रूप से यहां स्टोर कर शहर के होटलों और रेस्टोरेंट्स को ऊंचे दामों पर सप्लाई किया जा रहा था।
जिला आपूर्ति विभाग को दी गई सूचना
कैंट थाना प्रभारी के अनुसार, मामले की जानकारी जिला आपूर्ति अधिकारी को दे दी गई है। उनके मौके पर पहुंचने के बाद आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी। फिलहाल पुलिस पूरे नेटवर्क की जांच में जुटी है और इसमें शामिल अन्य लोगों की तलाश की जा रही है।
ब्लैक मार्केटिंग पर पुलिस की सख्ती
इस कार्रवाई को शहर में चल रही गैस की कालाबाजारी के खिलाफ बड़ी कार्रवाई माना जा रहा है। पुलिस का कहना है कि अवैध भंडारण और ब्लैक मार्केटिंग में शामिल किसी भी व्यक्ति को बख्शा नहीं जाएगा।
