वाराणसी। मुख्य विकास अधिकारी प्रखर कुमार सिंह ने सोमवार को विकासखंड चिरईगांव और चोलापुर का औचक निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने विभिन्न योजनाओं की प्रगति, कार्यालय व्यवस्था और क्षेत्रीय विकास कार्यों का जायजा लिया तथा संबंधित अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।
योजनाओं की समीक्षा, खराब प्रगति पर कार्रवाई
निरीक्षण के दौरान सीडीओ ने लेखा पटल, मनरेगा, एनआरएलएम, स्वच्छ भारत मिशन, पेयजल व्यवस्था, आईजीआरएस रजिस्टर, आवास योजना और जनसुनवाई की स्थिति की समीक्षा की। फार्मर रजिस्ट्री में खराब प्रगति और निगरानी में लापरवाही पाए जाने पर सहायक विकास अधिकारी (कृषि) वीनित कुमार का मार्च 2026 का वेतन रोकने और प्रतिकूल प्रविष्टि देने के निर्देश दिए गए। इसके अलावा अपेक्षित प्रगति न होने पर तीन पंचायत सहायकों और सचिवों का वेतन भी रोकने को कहा गया।

स्वयं सहायता समूहों के कार्यों का लिया जायजा
चिरईगांव के पचराव गांव में उत्तर प्रदेश राज्य ग्रामीण आजीविका मिशन के तहत चल रहे कार्यों का निरीक्षण किया गया। यहां 43 स्वयं सहायता समूह और दो ग्राम संगठन सक्रिय हैं। ‘उम्मीद महिला ग्राम संगठन’ के अंतर्गत काली मां स्वयं सहायता समूह द्वारा संचालित राशन दुकान का भी निरीक्षण किया गया।
समूह की संचालिका सुमन देवी ने बताया कि दुकान से 515 पात्र गृहस्थी और 66 अंत्योदय कार्ड धारकों को राशन वितरण किया जा रहा है। महिलाओं ने जानकारी दी कि वे गुलाब, गेंदा, गुड़हल समेत फूलों की खेती कर रही हैं और बकरी पालन, ब्यूटी पार्लर व परचून की दुकान जैसे कार्यों से आजीविका चला रही हैं।

महिलाओं को स्वरोजगार से जोड़ने पर जोर
निरीक्षण के दौरान अधिकारियों को निर्देश दिया गया कि फूलों की खेती करने वाली महिलाओं का उत्पादक समूह बनाकर उनके उत्पाद को बाजार से जोड़ा जाए, जिससे उनकी आय में वृद्धि हो सके। साथ ही गुलाब की पंखुड़ियों से इत्र और अगरबत्ती बनाने के लिए प्रशिक्षण और सहयोग उपलब्ध कराने को भी कहा गया।
महिलाओं ने एचसीएल फाउंडेशन के सहयोग से हो रही खेती और आजीविका संवर्धन केंद्र में संचालित सिलाई व ब्यूटी पार्लर प्रशिक्षण की जानकारी भी साझा की।
मुसहर बस्ती और दोना-पत्तल यूनिट का निरीक्षण
चोलापुर के सुंगुलपुर गांव में एनसीएल सीएसआर फंड से संचालित दोना-पत्तल निर्माण यूनिट का भी निरीक्षण किया गया। इस यूनिट में मुसहर समुदाय के लोग कार्यरत हैं। सीडीओ ने उत्पादों को बाजार से जोड़ने के लिए स्थानीय स्तर पर संपर्क बढ़ाने के निर्देश दिए।
इसके साथ ही मुसहर बस्ती में आवास, शौचालय और पेयजल व्यवस्था का जायजा लेते हुए पात्र परिवारों को आवास योजना से जोड़ने और संपर्क मार्ग व अन्नपूर्णा भवन का निर्माण शीघ्र पूरा कराने के निर्देश दिए।
अधिकारी रहे मौजूद
इस दौरान उपायुक्त स्वत: रोजगार पवन कुमार सिंह, खंड विकास अधिकारी चिरईगांव छोटेलाल तिवारी, खंड विकास अधिकारी चोलापुर शिव नारायण, जिला मिशन प्रबंधक (एनआरएलएम) श्रवण कुमार सिंह समेत अन्य अधिकारी, ग्राम प्रधान और स्वयं सहायता समूह की महिलाएं उपस्थित रहीं।
