वाराणसी। जिले के चौबेपुर थाना क्षेत्र के धौरहरा मिश्ररान गांव में पुरानी रंजिश के चलते एक युवक की बेरहमी से हत्या कर दी गई। इस वारदात से पूरे इलाके में सनसनी फैल गई है। पुलिस ने मामले में चार लोगों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज की है, जिनमें से दो आरोपियों को हिरासत में लेकर पूछताछ की जा रही है, जबकि अन्य की तलाश जारी है।
रास्ते में रोककर लाठी-डंडों और रॉड से हमला
जानकारी के अनुसार, धौरहरा गांव निवासी संजय मिश्रा (पुत्र संत कुमार मिश्रा) शुक्रवार शाम करीब 6 बजे मोटरसाइकिल से दवा लेने जा रहे थे। उगापुर गांव के पास नहर के समीप स्कॉर्पियो सवार कुछ लोगों ने उन्हें रोक लिया। आरोप है कि शिवा सिंह, ठल्लू सिंह समेत दो अन्य अज्ञात व्यक्तियों ने लाठी-डंडों और लोहे की रॉड से उन पर ताबड़तोड़ हमला कर दिया। गंभीर रूप से घायल होने के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई।
घटना की सूचना मिलते ही संजय के भाई राजीव मिश्रा मौके पर पहुंचे और उन्हें थाने ले गए। हालत बिगड़ने पर परिजन उन्हें नरपतपुर सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र ले गए, जहां प्राथमिक उपचार के बाद डॉक्टरों ने उन्हें दीनदयाल अस्पताल रेफर कर दिया।
इलाज के दौरान मौत, पुरानी रंजिश बनी वजह
दीनदयाल अस्पताल में इलाज के दौरान रात करीब 10:40 बजे संजय मिश्रा ने दम तोड़ दिया। परिजनों का आरोप है कि यह हत्या पुरानी रंजिश के चलते की गई है। बताया गया कि गांव में एक राजभर परिवार को पानी देने को लेकर पहले से विवाद चल रहा था। आरोपी पक्ष इस बात का विरोध करता था कि संजय का परिवार सबमर्सिबल से पानी दे रहा है। इसी विवाद को लेकर पहले भी मारपीट हो चुकी थी, जिसे कैथी चौकी पर समझौते के जरिए सुलझाया गया था।
पुलिस जांच में जुटी, दो आरोपी हिरासत में
मृतक के परिवार में उनके दो बेटे—19 वर्षीय समर मिश्रा और 14 वर्षीय जीत मिश्रा हैं। घटना की सूचना मिलते ही एसीपी सारनाथ समेत फॉरेंसिक टीम मौके पर पहुंची और साक्ष्य जुटाए। मृतक के भाई राजीव मिश्रा की तहरीर पर पुलिस ने शिवा सिंह, ठल्लू सिंह और अन्य अज्ञात लोगों के खिलाफ हत्या का मामला दर्ज किया है।
प्रभारी निरीक्षक बीरेंद्र कुमार सोनकर ने बताया कि दो आरोपियों को हिरासत में लेकर पूछताछ की जा रही है और अन्य आरोपियों की तलाश के लिए टीमें गठित की गई हैं। पुलिस पूरे मामले की गंभीरता से जांच कर रही है।
