• Banaras Now, Varanasi
  • April 18, 2026

वाराणसी: शहर की बिगड़ती ट्रैफिक व्यवस्था को सुधारने के लिए पुलिस आयुक्त मोहित अग्रवाल ने बड़ा कदम उठाया है। उन्होंने Reducing Traffic Congestion (RTC) स्कीम को प्रभावी ढंग से लागू करने के लिए अधिकारियों के साथ महत्वपूर्ण बैठक की। कैम्प कार्यालय में हुई इस बैठक में शहर के 10 प्रमुख मार्गों पर यातायात को सुचारू और जाम मुक्त बनाने के लिए विस्तृत रणनीति तैयार की गई।

10 प्रमुख मार्गों पर विशेष फोकस

RTC स्कीम के तहत चिन्हित 10 मुख्य मार्गों पर विशेष निगरानी रखने के निर्देश दिए गए हैं। हर रूट पर T.I./T.S.I. स्तर के अधिकारियों को रूट मार्शल के रूप में तैनात किया जाएगा, जो ट्रैफिक व्यवस्था को बेहतर बनाने की जिम्मेदारी संभालेंगे। पुलिस आयुक्त स्वयं भी इन मार्गों का नियमित निरीक्षण करेंगे।

रूट मार्शल की तय हुई जिम्मेदारी

रूट मार्शल को पीक आवर्स में ट्रैवल टाइम कम करने, सड़क किनारे खड़े वाहनों को हटवाने और यातायात को बाधारहित बनाए रखने की जिम्मेदारी दी गई है। इसके अलावा, उन्हें रोजाना समस्याओं की समीक्षा कर रिपोर्ट प्रस्तुत करनी होगी और नियमों के उल्लंघन पर सख्त कार्रवाई सुनिश्चित करनी होगी।

अतिक्रमण हटाने और समन्वय पर जोर

थाना प्रभारियों को स्पष्ट निर्देश दिए गए हैं कि सभी प्रमुख मार्गों को अतिक्रमण मुक्त रखा जाए। साथ ही ऑटो, ई-रिक्शा, टैक्सी और बस यूनियनों के साथ समन्वय स्थापित कर ट्रैफिक व्यवस्था को बेहतर बनाया जाए। स्कूल और कॉलेजों में पार्किंग की व्यवस्था सुनिश्चित करने और सड़क पर अवैध पार्किंग पर रोक लगाने के भी निर्देश दिए गए हैं।

5E फॉर्मूला से होगा ट्रैफिक कंट्रोल

  • Education & Awareness (जागरूकता)
  • Enforcement (कानूनी कार्रवाई)
  • Engineering & Technology (तकनीकी सुधार)
  • Encroachment Removal (अतिक्रमण हटाना)
  • E-Rickshaw Regulation (ई-रिक्शा संचालन नियंत्रण)

लापरवाही पर होगी सख्त कार्रवाई

पुलिस आयुक्त ने साफ किया कि किसी भी हाल में ट्रैफिक जाम बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। जाम की स्थिति में जिम्मेदार अधिकारियों के खिलाफ तुरंत कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने यह भी निर्देश दिया कि सभी अधिकारी लगातार क्षेत्र में भ्रमणशील रहें और राजघाट पुल पर QRT टीम को सक्रिय रखते हुए त्वरित कार्रवाई सुनिश्चित की जाए।

पुलिस आयुक्त ने कहा कि वाराणसी में ट्रैफिक व्यवस्था को सुधारना प्राथमिकता है और इसके लिए हर स्तर पर जवाबदेही तय की जाएगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *