वाराणसी: वाराणसी पुलिस कमिश्नरेट में सोमवार का दिन प्रशासनिक फेरबदल और सम्मान समारोह के नाम रहा। पुलिस मुख्यालय में आयोजित एक कार्यक्रम के दौरान पुलिस आयुक्त मोहित अग्रवाल ने स्थानांतरित हो रहे अधिकारियों को सम्मानपूर्वक विदाई दी, वहीं नव नियुक्त अधिकारियों का स्वागत भी किया गया।
कार्यक्रम में अपर पुलिस उपायुक्त (ADCP) डॉ. ईशान सोनी को उनके उत्कृष्ट कार्यकाल के लिए सम्मानित करते हुए विदाई दी गई। पुलिस आयुक्त ने उनके कार्यों की सराहना करते हुए कहा कि डॉ. सोनी ने अपने कार्यकाल में अनुशासन, प्रशासनिक दक्षता और जनसेवा का बेहतरीन उदाहरण पेश किया है। उन्होंने पुलिस और आम जनता के बीच बेहतर तालमेल स्थापित करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई।
इस अवसर पर मौजूद अन्य वरिष्ठ अधिकारियों ने भी डॉ. सोनी के साथ अपने अनुभव साझा किए और उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की।
इसी दौरान वाराणसी कमिश्नरेट में नई जिम्मेदारी संभालने पहुंचीं ADCP लिपि नागयाच का गर्मजोशी से स्वागत किया गया। पुलिस आयुक्त ने भरोसा जताया कि उनकी कार्यशैली और नेतृत्व क्षमता से शहर की कानून-व्यवस्था और मजबूत होगी तथा पुलिसिंग को नई दिशा मिलेगी।
कार्यक्रम में अपर पुलिस आयुक्त शिवहरी मीणा समेत कई वरिष्ठ अधिकारी और स्टाफ सदस्य उपस्थित रहे।
